बरेली: दुकान में फंदे पर लटका मिला कर्मचारी का शव, हत्या का आरोप
बरेली, अमृत विचार। मार्बल विक्रेता की दुकान में एक कर्मचारी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। देर तक दुकान न खुलने पर पहुंचे दुकान मालिक ने शटर उठाया तो युवका शव मिला। सूचना पर पहुंची सुभाषनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं कर्मचारी के परिजनों ने दुकान संचालक पर ही हत्या का …
बरेली, अमृत विचार। मार्बल विक्रेता की दुकान में एक कर्मचारी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। देर तक दुकान न खुलने पर पहुंचे दुकान मालिक ने शटर उठाया तो युवका शव मिला। सूचना पर पहुंची सुभाषनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं कर्मचारी के परिजनों ने दुकान संचालक पर ही हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र के करेली गौंटिया निवासी अभिषेक सागर (19) का शव मार्बल की दुकान में फंदे पर लटका मिला। रविवार की सुबह दुकान संचालक सौरभ भारती दुकान पर पहुंचे तो बंद दुकान देखकर दूसरे कर्मचारी को बुलाकर जब दुकान खुलवाई तो कर्मचारी अभिषेक का शव देखकर दंग रह गए। असल में अभिषेक बरेली-बदायूं मार्ग स्थित बेस्ट क्वालिटी स्टोन नामक दुकान पर पिछले तीन साल से नौकरी कर रहा था।
अभिषेक के पिता हीरालाल ने बताया कि शनिवार की देर रात करीब 10 बजे दुकान मालिक अभिषेक को घर से बुलाकर साथ ले गए। उसके बाद उसे शराब पिलाई। नशे में दुकान संचालक और अभिषेक का मासिक वेतन को लेकर विवाद हो गया और झगड़े के दौरान मालिक सौरभ भारती ने अपने भाई को भी बुला लिया।
आरोप है कि भाई के साथ मिलकर सौरभ भारती ने अभिषेक को पानी के पाइप से फंदा लगाकर मार डाला। वहीं दुकान संचालक के पिता रामौतार भारती ने मृतक के परिजनों के आरोपों को झूठा बताया है। उनका कहना है कि अभिषेक को हर माह वेतन दिया जाता था। उन्होंने बताया कि सौरभ अभिषेक को असिस्टेंट की तरह रखता था, हर जगह उसे लाता-ले जाता था। शनिवार को भी सौरभ जमीन मामले में गया था, जहां वह अभिषेक को भी साथ ले गया था। उन्होंने बताया कि वापस आने के बाद अभिषेक ने कहीं शराब पी और घर पर भाई से झगड़ा करके दुकान में चला गया।
उनका यह भी कहना है कि दुकान में बंद होने के बाद अभिषेक की मां, भाई और खुद अभिषेक ने भी सौरभ को फोन करके विवाद सुलझाने के लिए दुकान पर बुलाया था। इसके बाद भी वह वहां नहीं पहुंचे, वहीं विवाद के चलते अभिषेक ने फांसी लगा ली। सुबह सौरभ के दुकान पहुंचने से पहले ही मृतक के परिजन दुकान पर लाठी-डंडे लेकर मौजूद थे। दुकान खोलने पर शव मिला तो दुकान संचालक ने तुरंत यूपी 112 पर फोन किया और सूचना दी। सूचना पर पहुंची सुभाषनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं दूसरी तरफ अभिषेक के परिजनों के मुताबिक पिछले एक साल से अभिषेक को वेतन नहीं दिया गया था। इसकी वजह से कई बार सौरभ और अभिषेक में विवाद भी हुआ था। आरोप है कि दोबारा मासिक वेतन को लेकर हुए विवाद में ही दुकान संचालक ने अभिषेक की हत्या की है। मृतक के पिता की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
