नड्डा व सीएम योगी ने दिया गोरखपुर क्षेत्र के 28 हजार बूथ अध्यक्षों को चुनावी जीत का मंत्र
गोरखपुर। मोदी-योगी सरकार की तरफ से विकास की तेज रफ्तार, पार्टी संगठन धारदार और विपक्ष पर करारा प्रहार। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा इन तीन प्रमुख तथ्यों के आधार पर विपक्षी दलों को अभी से हताश करने में जुटी है। सरकार के काम और बूथ स्तर तक संगठन की जिम्मेदारियों के विस्तृत …
गोरखपुर। मोदी-योगी सरकार की तरफ से विकास की तेज रफ्तार, पार्टी संगठन धारदार और विपक्ष पर करारा प्रहार। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा इन तीन प्रमुख तथ्यों के आधार पर विपक्षी दलों को अभी से हताश करने में जुटी है। सरकार के काम और बूथ स्तर तक संगठन की जिम्मेदारियों के विस्तृत आयाम और विपक्षी दलों की हकीकत जनता तक पहुंचाने से प्रचंड बहुमत का परिणाम कैसे आएगा, इसी का मंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और जेपी नड्डा और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया।
सोमवार को गोरखपुर क्षेत्र के करीब 28 हजार बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में जोश भरने के लिए पार्टी प्रमुख के साथ ही राज्य सरकार के मुखिया योगी आदित्यनाथ एक ही मंच पर मौजूद थे। इस अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिना नाम लिए प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि बूथ अध्यक्ष मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों के साथ ही “जिन्नावादियों” की संकीर्ण सोच भी जनता के सामने बेनकाब करें।
चंपा देवी पार्क मैदान में आयोजित गोरखपुर क्षेत्र के 12 संगठनात्मक जिलों के 27637 बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में श्री नड्डा ने कहा कि भाजपा जहां महात्मा गांधी और सरदार पटेल को याद करती है वहीं कुछ लोग चुनाव आते ही जिन्ना को याद करने लगे हैं। जिन्ना जैसे संकीर्ण विचार वाले नेताओं का नाम लेकर राजनीति करने वाले लोगों की सोच भी जनता तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से कहा कि घर घर जाकर यह संदेश दीजिए कि जिन्नावादियों को घर बैठाइए और बीजेपी के विकासराज से खुद को जोड़िए।
हम राष्ट्रवाद लेकर चलते हैं और वे वंशवाद
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर हमला और तेज करते हुए कहा कि भाजपा में आंतरिक प्रजातंत्र है जबकि दूसरे दलों में परिवारतंत्र। बीजेपी का बूथ अध्यक्ष व साधारण कार्यकर्ता भी प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री बन सकता है जबकि दूसरे दलों में सिर्फ परिवार ही पनप सकता है। उन पार्टियों के कार्यकर्ता और दूसरे नेता सिर्फ एक परिवार के नाम पर ताली बजाने में फंसकर रह गए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद लेकर चलती है और वो (विपक्षी दल) वंशवाद। हम सबका साथ लेकर चलते हैं तो वो सिर्फ वोट बैंक का साथ लेकर चलते हैं। हम अंत्योदय में विश्वास करते हैं, वो परिवार उदय में। वहां सब कुछ अपने लिए है। और तो और अब अपने लिए ही इतने केंद्रित हो गए कि चाचा के लिए भी सोचना छोड़ दिया।
सारे रिकॉर्ड तोड़कर सरकार बनाएंगे
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव, 2017 के यूपी विधानसभा चुनाव और पुनः 2019 के लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं की ताकत से गठबंधन को परास्त कर भाजपा ने नया रिकॉर्ड बनाते हुए सरकार बनाई। यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव में हम एक बार फिर सारे रिकॉर्ड तोड़कर सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा समाज को विकास की नई दिशा में लेकर चल रही है।
चुनाव में छाती ठोंक कर कहेंगे हमारे नेता मोदी- योगी
जेपी नड्डा ने मैं तो यहां बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में आया था लेकिन यहां तो जनसभा दिख रही है। हर तरफ केसरिया ही केसरिया है। यह केसरिया किसी वर्ग या जाति विशेष का नहीं है बल्कि समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करने वाला है। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि आपकी ताकत पूरी दुनिया जानती है। आप दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता हैं। आप चुनाव में छाती ठोंक कर कहेंगे कि हमारे नेता मोदी-योगी हैं जिन्होंने देश और प्रदेश के विकास के लिए पल पल काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी-योगी की जनसभा होगी तो सारे मैदान छोटे पड़ जाएंगे।
यह भी पढ़ें:-पात्रता के अनुसार हर किसी को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें अधिकारी: सीएम योगी
