हल्द्वानी: अगरबत्ती का धंधा दिखाकर दंपति ने हड़प लिए 10 लाख
हल्द्वानी, अमृत विचार। अगरबत्ती का धंधा कराने के नाम पर जालसाज दंपति ने एक युवक से 10 लाख की ठगी कर ली। पीड़ित ने रुपए वापस देने के लिए दबाव बनाया तो आरोपियों ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दिनेश चन्द्र …
हल्द्वानी, अमृत विचार। अगरबत्ती का धंधा कराने के नाम पर जालसाज दंपति ने एक युवक से 10 लाख की ठगी कर ली। पीड़ित ने रुपए वापस देने के लिए दबाव बनाया तो आरोपियों ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दिनेश चन्द्र शर्मा पुत्र राम दत्त शर्मा निवासी नीलियम कालोनी देवलचौड़ का देवलचौड़ रामपुर रोड में जगत माता बिल्डिंग कंसक्ट्रशन के नाम से प्रतिष्ठान है। दिनेश की मानें तो वर्ष 2020 में उसके पूर्व परिचित भवानीगंज सरगम सिनेमा के पास रहने वाले आलोक गोयल, उसकी पत्नी पल्लवी गोयल आए और अगरबत्ती के व्यवसाय में साझेदार के तौर कार्य करने का प्रस्ताव रखा। कहा गया कि हमारा उत्तराखण्ड में अगरबत्ती डिस्ट्रीब्यूशन का काम हैं। हम आपको कुमाऊं का डिस्ट्रीब्यूटर बनवा देंगे और काम में पूरा सहयोग भी करेंगे लेकिन ड्रिस्ट्रीब्यूटरशिप के लिए 10 लाख रुपए लगेंगे। दिनेश बातों में आ गया और अपनी फर्म जगत माता बिल्डिंग कंसट्रक्शन के खाते से अलग-अलग तारीखों में 9 लाख 20 हजार व 80 हजार रुपए आलोक व पल्लवी को दे दिए।
अगस्त 2020 में दिनेश ने आलोक व पल्लवी से डिस्ट्रीब्यूटरशिप के बारे में पूछा तो कहा कि आपको डिस्ट्रीब्यूटरशिप मिल जायेगी लेकिन छः माह बीतने पर भी डिस्ट्रीब्यूटरशिप नहीं मिली और वे टालमटोली करने लगे। इसी वर्ष 22 अक्टूबर को दिनेश आरोपियों के प्रतिष्ठान अगरबत्ती सेवा केन्द्र पर पहुंचा तो आरोपी झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगे। इसके बाद दिनेश कोतवाली पुलिस के पास पहुंचा।
