बरेली: अवैध होर्डिंग्स नगर आयुक्त ने किए जब्त तो दौड़ी टीम
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी धीरे-धीरे राजनीतिक सहित तमाम अन्य संगठनों व व्यावसायिक होर्डिंग्स से पटता जा रहा है। मंगलवार को सेटेलाइट चौराहे के पास से निकल रहे नगर आयुक्त ने जब एक गाड़ी में बड़ी संख्या में राजनीतिक दल के होर्डिंग होने और उन्हें सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाते देखा तो दंग रह गए। …
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी धीरे-धीरे राजनीतिक सहित तमाम अन्य संगठनों व व्यावसायिक होर्डिंग्स से पटता जा रहा है। मंगलवार को सेटेलाइट चौराहे के पास से निकल रहे नगर आयुक्त ने जब एक गाड़ी में बड़ी संख्या में राजनीतिक दल के होर्डिंग होने और उन्हें सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाते देखा तो दंग रह गए।
उन्होंने इस गाड़ी को तत्काल जब्त कराते हुए उसे नगर निगम परिसर में खड़ा करा लिया। इसके बाद सहायक नगर आयुक्त को दिए गए निर्देश के बाद प्रवर्तन दल और नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने तत्काल सेटेलाइट से श्यामगंज के बीच बड़ी संख्या में अवैध रूप से लगे होर्डिंग्स को उतार कर जब्त कर लिया। नगर निगम टीम की इस अचानक कार्रवाई से अफरा-तफरी मची रही।
समय के साथ चुनावी माहौल गहराता जा रहा है। इस बीच शहर में तमाम राजनीतिक दलों के साथ बड़ी संख्या में अन्य लोगों के होर्डिंग्स की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। हालांकि नगर निगम कभी-कभार कार्रवाई करता है। इससे इन अवैध होर्डिंग पर शिकंजा नहीं कस पा रहा है। मंगलवार को नगर आयुक्त सुबह गाड़ी से सेटेलाइट चौराहे से गुजर रहे थे। इस बीच उन्होंने सड़क किनारे एक राजनीतिक दल के होर्डिंग्स से लदी गाड़ी को देखा तो अचानक रुक गए। गाड़ी से उतरकर जब पूछताछ की तो पता चला कि नगर निगम प्रशासन से इसकी कोई अनुमति भी नहीं ली गयी है।
इसके बाद उन्होंने नगर निगम के स्टाफ को बुलवाकर गाड़ी को जब्त कराकर नगर निगम परिसर में खड़ा करा लिया। इसके बाद सहायक नगर आयुक्त विवेक त्रिपाठी को अवैध होर्डिंग्स तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इस पर प्रवर्तन दल के कर्नल भोला व जयपाल सिंह पटेल के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने श्यामगंज से सेटेलाइट चौराहे के बीच कई घंटे तक अभियान चलाकर बड़ी संख्या में अवैध होर्डिंग्स जब्त किए। अतिक्रमण दस्ते ने बताया कि दो ट्रॉली होर्डिंग्स को उतारकर स्टोर में रखवा दिया गया है।
