बरेली: शादी टूटने पर युवती ने किया था आत्मदाह, पुलिस पर नहीं भरोसा, क्राइम ब्रांच से जांच की मांग
बरेली, अमृत विचार। अचानक शादी टूटने से हताश एक युवती ने करीब चार माह पहले आत्मदाह कर लिया था। मामले में आरोपी पक्ष के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना व बेटी की मौत का जिम्मेदार बताते हुए भोजीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। युवती के बुजुर्ग मां-बाप ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर भोजीपुरा पुलिस पर भरोसा …
बरेली, अमृत विचार। अचानक शादी टूटने से हताश एक युवती ने करीब चार माह पहले आत्मदाह कर लिया था। मामले में आरोपी पक्ष के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना व बेटी की मौत का जिम्मेदार बताते हुए भोजीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। युवती के बुजुर्ग मां-बाप ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर भोजीपुरा पुलिस पर भरोसा न होने और मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराने की मांग की है।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले बुजुर्ग दंपत्ति ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का निकाह क्षेत्र के ही रहने वाले सरोज खां से तय किया था। बताया कि निकाह तय होने के कुछ ही दिनों बाद युवक-युवती की फोन पर बातचीत शुरू हो गई। बुजुर्ग दंपत्ति के मुताबिक 20 अगस्त 2021 की शाम करीब 5 बजे युवती फोन पर बात करने के बाद घर से कहीं चली गई थी। कुछ समय बाद जब वापस लौटी तो गुमसुम और परेशान थी। उसके बाद बेटी ने खुद को आग लगा ली।
परिजनों के मुताबिक जलते हुए युवती के मुंह से बस यही निकल रहा था कि मेरी शादी टूट गई है, इसलिए मैं आत्मदाह कर रही हूं। युवती के परिजनों ने सरोज खां, ताहिर खां, सहाना व दलशेर खां उर्फ मुखिया के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट भोजीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। हालांकि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके साथ ही भोजीपुरा पुलिस ने मामले में अंतिम रिपोर्ट भी लगा दी है।
वहीं बुजुर्ग दंपत्ति का कहना है कि भोजीपुरा पुलिस उनपर समझौता करने का दबाव बना रही है। साथ ही मानना है कि अगर लंबे समय तक जांच भोजीपुरा पुलिस के पास रही तो पुलिस उन्हें ही झूठे मामले में फंसा देगी। इसी डर के चलते युवती के माता-पिता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर जांच क्राइम ब्रांच से कराए जाने की बात कही।
