बरेली: नई सड़क खोदकर सीवर लाइन बिछाने के मामले में नोटिस
बरेली, अमृत विचार। मिर्चीटोला मोहल्ले में नई सड़क को तोड़कर वहां सीवर लाइन डाले जाने का मामला उजागर होने के बाद नगर निगम का निर्माण विभाग हरकत में आ गया है। जलकल विभाग को नोटिस की कार्रवाई की गई है। बिना अनुमति सड़क खोद दिए जाने का कारण पूछा गया है। निर्माण कार्यों में नगर …
बरेली, अमृत विचार। मिर्चीटोला मोहल्ले में नई सड़क को तोड़कर वहां सीवर लाइन डाले जाने का मामला उजागर होने के बाद नगर निगम का निर्माण विभाग हरकत में आ गया है। जलकल विभाग को नोटिस की कार्रवाई की गई है। बिना अनुमति सड़क खोद दिए जाने का कारण पूछा गया है। निर्माण कार्यों में नगर निगम के विभागों के बीच समन्वय स्थापित न होने पर जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
मिर्चीटोला में नई सड़क को खोदकर सीवर लाइन बिछाने का एक ऐसा ही मामला उजागर हुआ है। सीवर लाइन बिछाने के लिए पहले कोई सुध नहीं ली गई। बाद में जब सड़क बन गई तो सीवर लाइन के लिए उसे खोद दिया गया। इससे सरकारी रकम को नुकसान पहुंचने के साथ ही राहगीरों को भी आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। इस मामले में नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने निर्माण, जलकल विभाग के अधिकारियों को तलब किया। उन्होंने दोनों विभागों के अधिकारियों से निर्माण कार्यों में समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम के अधिशासी अभियंता संजीव प्रधान ने बताया कि मिर्चीटोला में अभी हाल ही में सड़क बनाई गयी थी, जिसको सीवर के लिए खोद दिया गया। जलकल विभाग हो या जल निगम, सीवर के लिए कोई अनुमति निर्माण विभाग से नहीं ले रहे हैं। इस संबंध में जलकल विभाग को नोटिस की कार्रवाई की जा रही है। आगे से इसकी पुनरावृत्ति रोकने के भी निर्देश दिए गए हैं।
