बरेली: 55 हजार में स्कूटी दिखाकर पुजारी से ठगे 50 हजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। ऑनलाइन सस्ती स्कूटी का विज्ञापन देकर साइबर ठग ने पुजारी को निशाना बनाया और हजारों की ठगी कर ली। स्कूटी ऑर्डर करने के बाद पुजारी ने आधी से भी ज्यादा रकम जालसाज के खाते में ट्रांसफर कर दी फिर भी स्कूटी नहीं मिली। ठगी का पता चलने पर पुजारी ने एसएसपी कार्यालय …

बरेली, अमृत विचार। ऑनलाइन सस्ती स्कूटी का विज्ञापन देकर साइबर ठग ने पुजारी को निशाना बनाया और हजारों की ठगी कर ली। स्कूटी ऑर्डर करने के बाद पुजारी ने आधी से भी ज्यादा रकम जालसाज के खाते में ट्रांसफर कर दी फिर भी स्कूटी नहीं मिली। ठगी का पता चलने पर पुजारी ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत की। एसएसपी ने साइबर सेल को जांच के आदेश दिये हैं।

भोजीपुरा थाना क्षेत्र के न्योधना गांव के रहने वाले संजीव कुमार मिश्रा इलाके के ही एक मंदिर में पुजारी हैं। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को उनके पास महाराष्ट्र स्थित एक कंपनी से कर्मचारी का फोन पहुंचा। कर्मचारी ने दिवाली ऑफर का लालच देते हुए बताया कि एक लाख कीमत की स्कूटी कंपनी की ओर से 55 हजार रुपये में दी जा रही थी। हजारों का फायदा होता देख देख पुजारी ने स्कूटी आर्डर कर दी। शुरूआत में पुजारी ने पेटीएम के जरिए 25 हजार रुपये का भुगतान किया।

पहले भुगतान के दो दिन बाद ठग ने संजीव को दोबारा फोन किया और बकाया राशि का भुगतान करने की बात कही। चूंकि सस्ती स्कूटी का लालच था तो पुजारी ने भी 25 हजार रुपये फिर से ठग के खाते में डाल दिए। इसके बाद भी जब निश्चित तारीख तक पुजारी के पास स्कूटी नहीं पहुंची तो उन्हें शक हुआ। इसके कुछ दिन बाद संजीव के पास जालसाज का एक बार फिर फोन पहुंचा और स्कूटी लेने के लिए 50 हजार रुपयों की मांग की।

इस पर संजीव को ठगी का यकीन हो गया। बुधवार को उन्होंने एसएसपी कार्यालय में अधिकारियों से शिकायत की, जिसके बाद मामला साइबर सेल में भेज दिया गया। साइबर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

संबंधित समाचार