काशीपुर: शॉर्टसर्किट से रेडियम की दुकान में धधकी आग, लाखों का सामान जला
काशीपुर, अमृत विचार। शॉर्टसर्किट से रेडियम की एक दुकान में आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखी करीब तीन लाख की नकदी समेत 80 लाख की मशीनें व सामान जलकर नष्ट हो गया। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बांसियोंवाला मंदिर निकट निवासी दो भाई …
काशीपुर, अमृत विचार। शॉर्टसर्किट से रेडियम की एक दुकान में आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखी करीब तीन लाख की नकदी समेत 80 लाख की मशीनें व सामान जलकर नष्ट हो गया। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बांसियोंवाला मंदिर निकट निवासी दो भाई राकेश कुमार व रमेश कुमार का कुंडेश्वरी रोड पर आरके स्टीकर एंड कार डेकोरेशन के नाम से प्रतिष्ठान है। रोजाना की तरह राकेश दुकान खोलने आया तो दुकान के पीछे से धुआं उठता दिखाई दिया। दुकान खोलने पर आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की लपटे देख आसपास के दुकानदार व राहगीरों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। इसी बीच किसी ने दमकल विभाग को सूचना दे दी। सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ी मौके पर पहुंची। लेकिन आग इतनी विकराल थी कि आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद आईजीएल, सिद्धेश्वरी पेपर मिल की दमकल गाड़ियों समेत पांच दमकल वाहनों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पीड़ित दुकानदार रमेश ने बताया कि किसी को देने के लिए दुकान में तीन लाख की नकदी रखी हुई थी। जो आग में जल गई। वहीं आग से दुकान में रखी दो लेजर कटिंग मशीन, प्रिंटर, दो कंप्यूटर समेत बड़े वाहनों की सजावटी सामग्री सब मिलकार करीब 80 लाख का सामान जलकर राख हो गया। इधर दुकान स्वामी व स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग पर आधा से एक घंटे देरी से आने का आरोप लगाया।
आम आदमी पार्टी के चुनाव कैंपेन कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली ने कोर्ट रोड पर हुए अग्निकांड में एक दुकानदार का सब कुछ जलकर नष्ट हो जाने पर गहरा दुख जताया है। दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही दीपक बाली मौके पर पहुंचे और उन्होंने पीड़ित दुकानदार को सांत्वना दी। साथ ही बाली ने शासन प्रशासन से पीड़ित दुकानदार को तत्काल आर्थिक मदद की मांग की ताकि वह फिर से अपने पैरों पर खड़ा हो सके और पीड़ित का परिवार गहरे आर्थिक संकट से उबर सके।
