कानपुर: 24 घंटे के भीतर हुईं तीन हत्याएं, अलग-अलग क्षेत्रों में हुईं वारदात, जांच शुरू
कानपुर। 24 घंटे के अंदर अलग-अलग वारदातों में तीन हत्याओं से शहर दहल उठा। बिल्हौर, गोविंद नगर और कल्याणपुर में हत्याएं हुईं। कल्याणपुर में प्रेमिका के जिद करने पर प्रेमी ने मौत के घाट उतार दिया। वहीं गोविंद नगर में लापता युवक का शव रेलवे ट्रैक किनारे मिला तो बिल्हौर में हत्या के बाद शव …
कानपुर। 24 घंटे के अंदर अलग-अलग वारदातों में तीन हत्याओं से शहर दहल उठा। बिल्हौर, गोविंद नगर और कल्याणपुर में हत्याएं हुईं। कल्याणपुर में प्रेमिका के जिद करने पर प्रेमी ने मौत के घाट उतार दिया। वहीं गोविंद नगर में लापता युवक का शव रेलवे ट्रैक किनारे मिला तो बिल्हौर में हत्या के बाद शव कुएं में डाल दिया गया। पुलिस तीनों के खुलासे के लिए जांच कर रही है।
प्रेमिका ने भाइयों के साथ मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट
विनायकपुर के मोहित टेंट हाउस के पास झोपड़पट्टी में अपने भाइयों मनीराम और धनीराम के साथ मंजू गौतम नाम की महिला रहती है। मंजू को कुछ साल पहले उसके पति ने छोड़ दिया था। मंजू का बगल की झोपड़ी में रहने वाले सफाईकर्मी राहुल उर्फ अनुज (32) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुरुवार देर रात अनुज ने मंजू और उसके भाइयों के साथ बैठकर शराब पी। नशे में धुत अनुज, मंजू को जबरन घुमाने ले जाने की बात करने लगा। देर रात का हवाला देते हुए मंजू ने अनुज से मना कर दिया।
जिस पर अनुज उसके साथ गाली गलौज करने लगा। देखते ही देखते दोनों में मारपीट होने लगी। इस दौरान मंजू ने अपने भाइयों धनीराम और मनीराम के साथ मिलकर अनुज की ईंट से कूचकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने हत्यारोपियों अंजू और उसके भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। कल्याणपुर इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद तीनों हत्यारोपियों को जेल भेजा जाएगा।
बिल्हौर में युवक की हत्या कर कुएं में फेंका शव
बिल्हौर के धौरहरा महादेवा गांव का अरविंद उर्फ पप्पू सविता (40) आंकिन गांव के रामखिलावन के साथ पिछले दस सालों से साथ में रहकर खेती करता था। पुलिस के मुताबिक गुरूवार रात अरविंद उर्फ पप्पू सविता के साथ रामखिलावन और उसके दो अन्य साथियों ने मिलकर मीट बनाया और शराब पी। शराब पीने के बाद विवाद होने पर पप्पू की हत्याकर शव को पास के विजयकांत के 40 फिट सूखे कुएं में फेंक दिया।
सुबह ग्रामीणों की सूचना पर सीओ बिल्हौर राजेश कुमार व इंस्पेक्टर बिल्हौर जितेंद्र कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकालकर जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस के मुताबिक मृतक के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। फारेंसिक टीम को मौके पर जांच के लिए बुलाया गया है। एएसपी आदित्य शुक्ला ने बताया कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
लापता युवक का रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव
बर्रा छेदी सिंह का पुरवा निवासी सनी वर्मा (25) 20 नवंबर को गोविंद नगर स्थित ऑफिस जाने के लिए निकला था, लेकिन घर लौटकर नहीं आया। इसके बाद दोपहर 11 बजे मां से बात की थी, लेकिन इसके बाद उसका फोन उठा नहीं और फिर भोर में फोन स्विच ऑफ जाने लगा। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला तो 22 नवंबर को परिजनों ने गोविंद नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच की तब पता चला कि 21 नवंबर को दादा नगर रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का रक्तरंजित शव पड़ा मिला था।
जीआरपी ने उसका पोस्टमार्टम कराने के बाद अज्ञात में अंतिम संस्कार करा दिया था। परिजनों ने फोटो और कपड़ों से शिनाख्त की है। जहां शव मिला था उससे 50 मीटर की दूरी पर पुलिस ने उसकी स्कूटी भी बरामद कर ली है। लेकिन पर्स और मोबाइल नहीं मिला। बहन तन्नू ने बताया कि तीन बहनों सुक्कू और पूजा के बीच इकलौता भाई था। आरोप है कि उनके भाई का मर्डर करके शव को फेंका गया है। गोविंद नगर थाना प्रभारी रोहित तिवारी ने शनिवार को बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में कुछ संदिग्ध मिले हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होगा।
यह भी पढ़ें;-कानपुर: सीडीओ ने वैक्सीनेशन कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
