रामपुर: स्कूल में पढ़ने वाली मासूम बच्चियों से शिक्षामित्र ने की छेड़खानी
बिलासपुर, अमृत विचार। एक गांव के सरकारी प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वालीं मासूम छात्राओं के साथ एक शिक्षामित्र पिछले काफी समय से घिनौनी हरकत कर रहा था। मामला सामने आते ही मंगलवार को स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने हंगामा कर दिया। स्कूल की प्रधानाध्यापिका को खूब खरी-खोटी सुनाईं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी …
बिलासपुर, अमृत विचार। एक गांव के सरकारी प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वालीं मासूम छात्राओं के साथ एक शिक्षामित्र पिछले काफी समय से घिनौनी हरकत कर रहा था। मामला सामने आते ही मंगलवार को स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने हंगामा कर दिया। स्कूल की प्रधानाध्यापिका को खूब खरी-खोटी सुनाईं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी शिक्षामित्र को गिरफ्तार करके ले आई है।
क्षेत्र के एक गांव में सरकारी स्कूल स्थित है। मंगलवार दोपहर कुछ अभिभावकों ने वहां पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने स्कूल की प्रधानाध्यापिका से जमकर नोक-झोंक की। कहा कि बच्चियों की शिकायत पर उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। शिक्षामित्र बच्चियों से छेड़छाड़ करता रहा। अभिभावकों ने स्कूल में पढ़ने वाली अन्य नाबालिग छात्राओं से पूछा, तो उन्होंने भी पुष्टि कर दी कि आरोपी शिक्षामित्र काफी समय से उनके साथ गलत हरकतें कर रहा था।
इसकी शिकायत उन्होंने बड़ी मैम यानि प्रधानाध्यापिका से भी की थी। मामला बढ़ता देख प्रधानाध्यापिका ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी शिक्षामित्र को गिरफ्तार करके थाने ले गई। इसी बीच कुछ लोगों ने इस घटना को सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। देर शाम एक अभिभावक द्वारा घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई।
पुलिस अभी घटना व आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करने से बच रही है। कोतवाल तेजवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एक बच्ची ने स्कूल नहीं जाकर खोला राज
बच्चियों से छेड़छाड़ का मामला उस समय खुला, जब डर के मारे एक बच्ची स्कूल नहीं जा रही थी। गांव की ही रहने वाली इस स्कूल की कक्षा तीन की एक छात्रा शिक्षामित्र की हरकतों से डरकर कुछ दिन से स्कूल नहीं जा रही थी और न घरवालों को कुछ बता रही थी। मंगलवार सवेरे जब उसकी मां ने बड़े भरोसे में लेकर प्यार से पूछा, तो उसने डरते-डरते सारी बात बताई। बस फिर क्या था, महिला ने अपने पति को सारा माजरा बताया और इसके बाद उस स्कूल की बच्चियों के अभिभावक लामबंद हो गए।
