बरेली: बेटी की शादी में बदायूं गए मैनेजर के घर लाखों की चोरी
बरेली, अमृत विचार। कटरा चांद खां निवासी एक बिल्डिंग मैटेरियल दुकान के मैनेजर के घर चोर लाखों का माल समेट ले गए। चोरों ने घटना तब की जब वह बेटी की शादी करने सपरिवार बदायूं गए थे। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे मैनेजर ने थाने में तहरीर दी है।बारादरी थानाक्षेत्र के कटरा चांद खां निवासी …
बरेली, अमृत विचार। कटरा चांद खां निवासी एक बिल्डिंग मैटेरियल दुकान के मैनेजर के घर चोर लाखों का माल समेट ले गए। चोरों ने घटना तब की जब वह बेटी की शादी करने सपरिवार बदायूं गए थे। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे मैनेजर ने थाने में तहरीर दी है।बारादरी थानाक्षेत्र के कटरा चांद खां निवासी राजीव गुप्ता सौ फुटा रोड पर स्थित बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान में मैनेजर हैं। सोमवार को उनकी बेटी की शादी थी। जिसके लिए वह परिवार सहित बदायूं गए थे। पड़ोसियों से घर की निगरानी करने की बात कही थी।
मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने फोन पर सूचना दी कि उनके घर के ताले खुले हुए थे। आनन-फानन में राजीव सपरिवार वापस बरेली अपने घर पहुंचे। सुबह करीब 10 बजे जब वह घर पहुंचे तो दंग रह गए। घर के मुख्य दरवाजे से अंदर तक के कमरों के ताले टूटे पड़े थे। कमरे में जाकर देखा तो अलमारी भी खुली हुई थी। चोर अलमारी में रखा करीब पौने तीन लाख की नकदी और 18 तोले सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर गए थे।
राजीव ने इसकी सूचना तुरंत बारादरी पुलिस को दी। पुलिस ने घटना स्थल की जांच की। परिजनों के मुताबिक चोरी चाबी से ताले खोलकर या काटकर की गई है क्योंकि घर में लगा कोई भी ताला मौके पर नहीं मिला है। उनके मुताबिक एक टिफिन में सोने के कंगन रखे हुए थे। चोर वह कंगन भी चुराकर ले गए। चोरी की तहरीर बारादरी पुलिस को दे दी गई है।
