बरेली: दबाव पड़ा तो सड़कों के काम हुए तेज, नाले पड़े अधूरे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी सहित दूसरी योजनाओं के कामों में सड़कों के निर्माण को लेकर तेजी आई है लेकिन नालों के अभी अधूरे निर्माण हादसे का खतरा पैदा कर रहे हैं। कई जगहों पर निर्माणाधीन नाले और उनके बाहर निकली सरिया से कभी भी दुर्घटना हो सकती है। ऐसी संवदेनशील जगहों पर सेफ्टी के …

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी सहित दूसरी योजनाओं के कामों में सड़कों के निर्माण को लेकर तेजी आई है लेकिन नालों के अभी अधूरे निर्माण हादसे का खतरा पैदा कर रहे हैं। कई जगहों पर निर्माणाधीन नाले और उनके बाहर निकली सरिया से कभी भी दुर्घटना हो सकती है। ऐसी संवदेनशील जगहों पर सेफ्टी के लिए जो हरी जाली लगाई गई थी, वे भी या गिर चुकी है या गायब हो गई हैं। जबकि पूर्व में अधिकारियों ने इसको लेकर ठेकेदारों पर शिकंजा कसा था।

कुछ दिन पहले मेयर डॉ. उमेश गौतम के साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद संतोष गंगवार व शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार ने स्मार्ट सिटी कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि पहले सड़कों का काम प्राथमिकता से पूरा कराया जाए, ताकि टूटी सड़कों को ठीक करने के साथ ही उनसे होने वाले हादसों पर भी रोकथाम लगाई जा सकी।

इसके अलावा मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार ने भी स्मार्ट सिटी परियोजना के कामों की समीक्षा करने के साथ ही सड़कों के काम को दिसंबर तक हर हाल में पूरा करने के कड़े निर्देश दिए थे। इसके बाद स्मार्ट सिटी व नगर निगम के ठेकेदारों का पूरा फोकस टूटी सड़कों को हॉटमिक्स बनाने पर हो गया है। जबकि साइडों में नालों सहित दूसरे निर्माण कार्यों के अधूरे होने या उनकी गति अत्यंत मंद हो जाने से खतरा कम नहीं हो रहा है।

गांधी उद्यान के सामने रोड के दूसरी रोड नाले का निर्माण अधूरा है। जबकि इस रोड पर काफी ट्रैफिक रहता है। अधूरे नाले की सरिया बाहर निकली हुई है। दुर्घटना को रोकने के लिए सुरक्षात्मक कार्यों के तहत पहले यहां ग्रीन जाली का बांस लगाकर घेरा बनाया गया था लेकिन अब ये या तो गिर गए हैं या फिर गायब हो चुके हैं। इसी तरह स्टेडियम रोड और डेलापीर रोड पर भी सड़कों का हॉटमिक्स काम पूरा हो गया है लेकिन वहां नाले के निर्माण को लेकर कोई तेजी नहीं दिखाई दे रही है। इससे यहां भी अधूरे नाले लोगों के लिए परेशानी खड़ा कर रहे हैं। विकास भवन रोड पर स्मार्ट सिटी के तहत नाले का काम धीमी गति से होने से जनता को परेशानी हो रही है।

कई जगहों पर मलबा होने और निर्माणाधीन नाले अधूरे होने से हादसे की संभावना बनी हुई है। यही हाल शहर की तमाम अन्य सड़कों पर चल रहे कामों का है। इस संबंध में मेयर डॉ. उमेश गौतम का कहना है कि कार्यों की समीक्षा चल रही है। सभी काम समयबद्ध पूर्ण कराए जाएंगे।

संबंधित समाचार