लखनऊ: मिराज का टायर चोरी होने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन भेजे जा रहे लड़ाकू विमान मिराज के टायरों में से एक टायर चोरी होने की सनसनीखेज घटना के पांच दिन बीत गए हैं और पुलिस अभी तक खाली हाथ है। गुरुवार को मीडिया की सुर्खियों में आये इस मामले में 27 नवंबर को देर रात …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन भेजे जा रहे लड़ाकू विमान मिराज के टायरों में से एक टायर चोरी होने की सनसनीखेज घटना के पांच दिन बीत गए हैं और पुलिस अभी तक खाली हाथ है। गुरुवार को मीडिया की सुर्खियों में आये इस मामले में 27 नवंबर को देर रात लखनऊ के शहीद पथ पर चौंका देने वाली यह वारदात हुयी थी। इसमें एक ट्रक से जोधपुर भेजे जा रहे मिराज के टायरों में से एक टायर चोरों ने चलते वाहन से चुरा लिया था। ट्रक चालक ने पुलिस सहायता नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस को घटना की जानकारी भी दी। मगर, पुलिस अभी तक आशियाना थाने में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर देने की ही बात कह पा रही है।
वहीं, इलाके के पुलिस उपायुक्त अमित कुमार ने बताया कि, उक्त घटना की तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गयी थी। पुलिस की ओर से शहीद पथ के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने जांच जारी रखने की बात कहते हुये स्वीकार किया कि अभी तक सीसीटीवी फुटेज से कोई सुराख नहीं मिला है। कुमार ने बताया कि अजमेर निवासी ट्रक चालक हेम सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
पढ़ें: अखिलेश यादव ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को किया नमन
ट्रक चालक की तहरीर पर दर्ज की गयी शिकायत के मुताबिक लड़ाकू विमान मिराज में इस्तेमाल होने वाले टायरों को ट्रक से लखनऊ स्थित बख्शी का तालाब (बीकेटी) एयरफोर्स स्टेशन से ट्रक मिराज के पांच पहिये लेकर 27 नवंबर को जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन के लिए रवाना हुआ था। उसी दिन रात को शहीद पथ से गुजरते समय ट्रैफिक जाम में ट्रक के फंसने पर बदमाशों ने एक टायर चोरी कर लिया।
अजमेर के मायापुर निवासी ट्रक चालक हेम सिंह रावत ने बताया कि बीते 27 नवंबर को वह बीकेटी से जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन जा रहा था। तभी शहीद पथ से कानपुर की तरफ जाते समय कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रक का रस्सा काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। हेम सिंह ने बताया कि उसने जानकारी होने पर गाड़ी रोक कर चोरों को पकड़ना चाहा, लेकिन वे भाग गए। इसके बाद उसने पुलिस हेल्पलाइन नम्बर 112 पर घटना की सूचना देकर जोधपुर के लिये रवाना हो गया। इसके अलावा हेम सिंह ने बताया कि जोधपुर पहुंचने पर वायु सेना के अधिकारियों ने ट्रक को कब्जे में लेकर उससे पूछताछ की। वायु सेना पुलिस ने भी इस वारदात की जांच शुरु कर दी है।
