बरेली जंक्शन पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बनेगा चार्जिंग स्टेशन
बरेली, अमृत विचार। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए अब इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री बढ़ने की बात चल रही है। ऐसे में पेट्रोल पंप के साथ अब चार्जिंग स्टेशन भी बनाने होंगे। इसलिए रेलवे अपनी खाली पड़ी जमीन पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी में है। मुरादाबाद मंडल …
बरेली, अमृत विचार। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए अब इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री बढ़ने की बात चल रही है। ऐसे में पेट्रोल पंप के साथ अब चार्जिंग स्टेशन भी बनाने होंगे। इसलिए रेलवे अपनी खाली पड़ी जमीन पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी में है। मुरादाबाद मंडल के ए-1 ग्रेड के स्टेशनों पर भी यह चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिसमें बरेली जंक्शन भी शामिल है।
बता दें कि रेलवे द्वारा अन्य स्रोतों से आय बढ़ाने का काम किया जा रहा है। इसलिए इलेक्ट्रिक बस, कार, तीन पहिया, दो पहिया वाहनों को चार्ज करने के लिए चार्जिंग प्वाइंट बनाया जाने का प्रस्ताव है। जिसको अमली जामा पहनाने के लिए निजी कंपनियों से बातचीत की जा रही है। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल से भी इसके लिए प्रस्ताव मांगा गया था। जिसे बनाकर भेज दिया गया है।
भेजे गए प्रस्ताव के मुताबिक बरेली जंक्शन पर सर्कुलेटिंग एरिया के सामने स्थित वाहन स्टैंड की जमीन पर वाहन चार्जिंग प्वाइंट बनाये जाने की योजना है। रेलवे केवल अपनी जमीन और बिजली ही चार्जिंग स्टेशन के लिए मुहैया कराएगा। चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। कार्यदायी कंपनी द्वारा रेलवे को उसकी जगह और खर्च होने वाली बिजली के किराये का भुगतान करेगा।
मुरादाबाद मंडल में अभी फिलहाल योगनगरी ऋ षिकेश व देहरादून रेलवे स्टेशन पर वहां की दो कंपनियों ने इन्हें लगाने के लिए रेलवे को पत्र लिखा है। मंडल के इन दोनों स्टेशनों पर ही सबसे पहले चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। मुरादाबाद रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि देश के सभी ए-1 ग्रेड स्टेशनों पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन खोले जाने हैं। जिसमें बरेली जंक्शन भी प्रस्तावित है।
