होर्डिंग लगाकर राम मंदिर निर्माण का श्रेय लेना चाहती है भाजपा: योगेश यादव
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में समाजवादी पार्टी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव नजदीक देख भाजपा राम मंदिर निर्माण का होर्डिंग लगा जनता को कब तक गुमराह कर श्रेय लेना चाहेगी। समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष योगेश यादव ने मंगलवार को कहा कि इस होर्डिंग …
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में समाजवादी पार्टी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव नजदीक देख भाजपा राम मंदिर निर्माण का होर्डिंग लगा जनता को कब तक गुमराह कर श्रेय लेना चाहेगी। समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष योगेश यादव ने मंगलवार को कहा कि इस होर्डिंग के सहारे भाजपा अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का श्रेय लेने का प्रयास तो कर ही रही है। साथ ही जनता से एक और मौके की अपील कर रही है। मंदिर निर्माण का कार्य तो उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर हो रहा है।
भाजपा के पास विकास और सुशासन के नाम पर जनता को बताने के लिए कुछ बचा नहीं है। इसलिए राम के नाम पर राजनीति कर रही है। योगी सरकार और उसके कार्यकर्ताओं के पास कोई एजेंडा नहीं है। जिसे लेकर वह चुनाव मैदान में उतरें हैं। इनके पास न तो कोई विकास का एजेंडा है, नाहीं बेरोजगारी दूर करने का एजेंडा और नाहीं किसानों की समस्याओं के समाधान का ही एजेंडा है। इनके पास हिन्दू-मुस्लिम, पाकिस्तान, श्मशान, कब्रिस्तान, हिंदुस्तान के मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। यादव ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका बनी हुई है। जिसके लिए तैयारी नहीं है।
आक्सीजन की पूर्ण तैयारी नहीं है। इनके पास सुशासन, विकास, रोजगार को लेकर कोई मुद्दा नहीं है। किसानों को लेकर सरकार अभी बैक फुट पर आ गयी है। धान क्रय केन्द्रों की हालत खराब है। तमाम जगहों पर धान की खरीद नहीं की जा रही है, खाद भी उपलब्ध नहीं हो रही है। इनके पास राम मंदिर और हिंदुत्व को लेकर कोई मुद्दा ही नहीं है। जिसके दम पर जनता के बीच जाकर बातचीत कर सकें। जिला अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के पास समाज को बांटने के अलावा और दूसरा कोई काम नहीं है। साथ ही कहा कि विकास के मुद्दे को लेकर चुनाव मैदान में आने की स्थिति में भाजपा नहीं है। जैसे जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आती जाएगी भाजपा और भी विवादित होर्डिंग और पोस्टर लगाएगी। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब कुछ समझ चुकी है। भाजपा राम मंदिर का सहारा लेकर लोगों को कब तक भावनात्मक ब्लैकमेल करती रहेगी।
पढ़ें: लखनऊ: International Airport पर कोरोना पॉजिटिव मिलने से मचा हड़कंप, देखें…
भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रशिक्षण अभियान के प्रदेश संयोजक डॉ शैलेश कुमार पांडे ने कहा कि भाजपा राम मंदिर को लेकर कभी राजनीति नहीं करती। भाजपा के लिए भगवान राम और राम मंदिर का मुद्दा आस्था का विषय रहा है। पूरी लड़ाई भाजपा ने राम मंदिर स्थापना के लिए लड़ी है। उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में मजबूत पैरवी की गयी तो राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ और अब अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हो रहा है। पांडे ने कहा कि विपक्ष की आंख पर ऐसा चश्मा चढ़ा है कि उसे विकास दिख ही नहीं रहा है। योगी सरकार ने प्रदेश में विकास और भयमुक्त समाज का वातावरण दिया है।
