मुरादाबाद : गवाह के न आने के कारण छजलैट कांड की सुनवाई टली, अब 17 को होगी
मुरादाबाद, अमृत विचार। छजलैट कांड में सपा के कद्दावर नेता आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम समेत अन्य सपाइयों पर दर्ज मामले में मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। गवाह के न आने के कारण कोर्ट ने सुनवाई टालते हुए 17 दिसंबर की तारीख नियत की है। मामला जनवरी वर्ष 2008 का है। सपा …
मुरादाबाद, अमृत विचार। छजलैट कांड में सपा के कद्दावर नेता आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम समेत अन्य सपाइयों पर दर्ज मामले में मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। गवाह के न आने के कारण कोर्ट ने सुनवाई टालते हुए 17 दिसंबर की तारीख नियत की है।
मामला जनवरी वर्ष 2008 का है। सपा के कद्दावर नेता आजम खां अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ कार से बिजनौर की ओर जा रहे थे। छजलैट थाने के सामने पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। कार के शीशे पर काली फिल्म होने के कारण पुलिस कर्मियों ने जब उनको रोका तो विवाद हो गया। बहस होने पर आजम खां छजलैट थाने के सामने ही धरने पर बैठ गए।
इसकी सूचना मिलते ही मंडल भर के तमाम सपा के पदाधिकारी भी मौके पर आ गए। कई घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया। इस मामले में छजलैट थाने में आजम खां व उनके बेटे समेत तमाम सपाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी।
इस मामले में स्थानीय एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई चल रही है। मौजूदा समय में वादी पक्ष की ओर से गवाही दी जा रही है। मंगलवार को कोर्ट ने गवाह तलब किए थे। विशेष लोक अभियोजक मोहनलाल विश्नोई ने बताया कि गवाह न आने के कारण मंगलवार को सुनवाई टल गई। अब इस मामले में 17 दिसंबर की तारीख नियत की गई है।
