कानपुर: खेत की जुताई करने के लिए घर से निकले युवक की तालाब में डूबने से मौत
कानपुर। जिले के सचेंडी में खेत की जुताई करने के लिए घर से निकले युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। देर शाम तक युवक के घर न लौटने पर खेत के लिए निकले स्वजनों को तालाब के पास पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद …
कानपुर। जिले के सचेंडी में खेत की जुताई करने के लिए घर से निकले युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। देर शाम तक युवक के घर न लौटने पर खेत के लिए निकले स्वजनों को तालाब के पास पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक के शव को तालाब से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बता दें कि भूल गांव निवासी नारायणी सिंह का बेटा लव कुश (26) सोमवार शाम खेत जोतने के लिए ट्रैक्टर लेकर घर से निकला था। जो देर शाम तक वापस नहीं लौटा। जिसपर स्वजन युवक की तलाश में खेत पहुंचे। जहां खेत बिना जुता हुआ देख स्वजनों ने लवकुश की तलाश शुरू की। तभी दूल व भूल गांव के बीच स्थित तालाब के पास पहुंचे स्वजनों ने अनियंत्रित हुए ट्रैक्टर के पहियों के निशान जमीन पर तालाब की ओर जाते देख मामले की जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक के शव को बाहर निकलवाया। साथ ही दूसरी ट्रैक्टर की मदद से रस्सी के सहारे तालाब में डूबे ट्रैक्टर को भी खींचकर बाहर निकाला गया। वहीं चार भाइयों में सबसे छोटे लव कुश की अचानक हादसे में मौत हो जाने के बाद परिवार के लोग बेसुध हो गए हैं।
सचेंडी थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में स्वजन की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
