पीलीभीत: बैंक में नकबजनी करने वाले पुलिस की गिरफ्त से दूर, चार टीमें लगाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूरनपुर, अमृत विचार। पंजाब नेशनल बैंक शेरपुरकलां में नकबजनी की घटना के बाद पुलिस नींद से जागी। मगर 48 घंटे बीतने के बाद भी नतीजा नहीं निकल सका है। कोतवाली पुलिस समेत लगाई गई चार टीमों ने कई स्थानों पर दबिश दी और करीब सात संदिग्धों को धर दबोचा। उनसे टीमे पूछताछ कर रही है। …

पूरनपुर, अमृत विचार। पंजाब नेशनल बैंक शेरपुरकलां में नकबजनी की घटना के बाद पुलिस नींद से जागी। मगर 48 घंटे बीतने के बाद भी नतीजा नहीं निकल सका है। कोतवाली पुलिस समेत लगाई गई चार टीमों ने कई स्थानों पर दबिश दी और करीब सात संदिग्धों को धर दबोचा। उनसे टीमे पूछताछ कर रही है। बैंक के अलावा हाल ही में हुई सर्किल क्षेत्र की अन्य बड़ी चोरियों के बारे में भी सुराग जुटाने का प्रयास चल रहा है। हालांकि क्लू एक भी वारदात का पुलिस नहीं जुटा सकी है। एसओजी और सर्विलांस टीम के हाथ भी खाली हैं।

पूरनपुर सर्किल क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं अंजाम दी जा रही थी। कुछ दिन पहले ही चोरों ने एक मकान से ग्यारह लाख की चोरी की। मगर, पुलिस मामले को भी नजरअंदाज कर गई थी। इसी का फायदा उठाते हुए चोर बेखौफ हुए और सोमवार रात को शेरपुरकलां कस्बे में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा को निशाने पर ले लिया था। पीछे की दीवार में नकब लगाकर फर्श उखाड़ते हुए सुरंग बनाकर चोर बैंक में प्रवेश कर गए। स्ट्रांग रूम का शीशा तोड़ दिया था।

हालांकि नकदी समेटने में सफल नहीं हो सके थे। मामला बैंक से जुड़ा था तो अफसरों की भी धड़कनें बढ़ गई। लंबे समय से चोरियों को नजर अंदाज करने वाले एसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौका मुआयना करने पहुंचे। साथ ही लापरवाही पर दो सिपाहियों को निलंबित भी कर दिया था। इसके बाद कोतवाली, सेहरामऊ, माधोटांडा, एसओजी टीम को लगा दिया है। तीन संदिग्ध मंगलवार सुबह ही पुलिस ने हिरासत में ले लिए थे। इसके बाद चार अन्य संदिग्ध भी उठाए गए।

सेहरामऊ क्षेत्र में हुई ग्यारह लाख की चोरी के मामले में एक नौकर को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। टीमें पुराने अपराधियों की भी लोकेशन पता लगाने में जुटी रही। सर्विलांस टीम ने बैंक के आसपास सक्रिय रहे मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाकर संदिग्धों का पता लगाया। उनसे पूछताछ में भी अभी कुछ निकल नहीं सका है।

सीओ वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि चोरी की घटनाओं को लेकर चार टीमें लगी हुई है। संदिग्धों से पूछताछ चल रही है, जल्द खुलासा कर अपराधी जेल भेजे जाएंगे।

संबंधित समाचार