पीलीभीत: सपा नेता आजम मीर खां के गिरफ्तारी वारंट पर सुप्रीम कोर्ट से स्टे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। आगामी विधानसभा चुनाव में सदर सीट से समाजवादी पार्टी के प्रबल टिकट दावेदार डॉ.आजम मीर खां के गिरफ्तारी वारंट पर सुप्रीम कोर्ट से स्टे मिल गया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सपा नेता को राहत देते हुए अलीगढ़ लोअर कोर्ट की किसी भी तरह की कार्रवाई पर रोक लगा दी। …

पीलीभीत, अमृत विचार। आगामी विधानसभा चुनाव में सदर सीट से समाजवादी पार्टी के प्रबल टिकट दावेदार डॉ.आजम मीर खां के गिरफ्तारी वारंट पर सुप्रीम कोर्ट से स्टे मिल गया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सपा नेता को राहत देते हुए अलीगढ़ लोअर कोर्ट की किसी भी तरह की कार्रवाई पर रोक लगा दी। उसके बाद सपा नेता ने अपने गिरफ्तारी वारंट का मैसेज सोशल मीडिया में प्रचार-प्रसार करने को राजनीतिक विरोधियों की साजिश बताया।

सपा नेता डॉ. आजम मीर खां का अलीगढ़ कोर्ट से सेक्शन 70 सीआरपीसी के तहत गिरफ्तारी वारंट का मैसेज सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गया था। उसके बाद पीलीभीत में तेजी से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई क्योंकि वह सदर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी से एमएलए टिकट के प्रबल दावेदार भी हैं। सियासी उथल-पुथल के बीच सपा नेता को फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल गई। सपा नेता को सुप्रीम कोर्ट से अलीगढ़ कोर्ट में लंबित केस नंबर 5727 पर किसी भी तरह की कार्रवाई पर रोक लगाने के आदेश हो गए।

सपा नेता डॉ. आजम मीर खां ने बताया कि अलीगढ़ कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट का मैसेज पीलीभीत में उनके राजनीतिक विरोधियों ने वायरल कराया। अमृत विचार से बातचीत में सपा नेता ने कहा कि इस केस में उनकी सीधे तौर पर कोई भूमिका नहीं है। वह तीन दशक से अलीगढ़ की राजनीति सक्रिय हैं। जिसमें उन्हें गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ, वह उनके एक पारिवारिक मित्र से जुड़ा प्रकरण था। उसमें गलत तरीके से उन्हें भी नामजद कर दिया गया।

डेढ़ साल पहले मामले की विवेचना करने के बाद पुलिस फाइनल रिपोर्ट भी लगा चुकी है। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर दोबारा केस करा दिया गया था। उसमें सुप्रीम कोर्ट ने सभी तरह की कार्रवाई पर स्टे दे दिया। अब इसकी कॉपी भी मिल गई है। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक विरोधी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे थे। वरना क्या वजह थी कि उनका गिरफ्तारी वारंट न पुलिस के पास पहुंचा, न उनसे पुलिस ने संपर्क किया गया।

गिरफ्तारी वारंट में उनके घर का पता भी अलीगढ़ का है। इसके बावजूद पीलीभीत में उनकी सियासी छवि खराब करने की कोशिश की गई। सपा नेता ने कहा कि राजनीतिक विरोधी इस तरह की ओछी हरकत करने में लगे हैं, लेकिन वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होंगे।

संबंधित समाचार