बरेली: आरोपी नहीं हुए गिरफ्तार, सीबीएसई स्कूलों के शिक्षकों में आक्रोश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बिशप कॉनरॉड स्कूल की शिक्षिका को क्लास में घुसकर बेरहमी से पीटने के प्रकरण में अभी तक पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की। इससे पीड़ित परिवार और स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं में आक्रोश बढ़ रहा है। शिक्षिका के साथ मारपीट की घटना होने से नगर क्षेत्र के सीबीएसई स्कूलों में भी …

बरेली, अमृत विचार। बिशप कॉनरॉड स्कूल की शिक्षिका को क्लास में घुसकर बेरहमी से पीटने के प्रकरण में अभी तक पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की। इससे पीड़ित परिवार और स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं में आक्रोश बढ़ रहा है। शिक्षिका के साथ मारपीट की घटना होने से नगर क्षेत्र के सीबीएसई स्कूलों में भी आक्रोश फैल रहा है। गुरुवार को स्कूलों के शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर घटना का विरोध जताया। विरोध जताने वाले शिक्षकों ने शिक्षिका के साथ मारपीट करने वाले अभिभावक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मंगलवार को कैंट क्षेत्र स्थित बिशप कॉनरॉड स्कूल में कार्यरत आवास विकास कॉलोनी निवासी शिक्षिका रोली खुराना के साथ एलकेजी के एक छात्र के अभिभावक ने पढ़ाई के दौरान क्लास में घुसकर मारपीट की थी। शिक्षिका के बाल खींचकर नीचे गिरा दिया था। इससे शिक्षिका के कान में भी चोटें आई हैं। इस प्रकरण में पीड़ित शिक्षिका की तहरीर पर कैंट थाने में पुलिस ने छात्र की मां एकता दयाल और पिता फिरोज दयाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया। इस घटना से शिक्षकों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि शिक्षकों के साथ इस प्रकार की घटना से शिक्षकों व छात्रों में भय का माहौल बना हुआ है।

इस मामले में दोषी अभिभावक की गिरफ्तारी की मांग की। गुरुवार को स्कूलों में आक्रोशित शिक्षकों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया। बिशप स्कूल, जींगल बेल्स स्कूल, सीक्रेड हार्ट स्कूल, हॉलिफेथ, वूडरो, सहित शहर के लगभग सभी स्कूलों में शिक्षकों ने काली पट्टी बांध कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य शाजी क्रिस्टोफर का कहना है कि अभिभावक द्वारा उचित कदम नहीं उठाया गया है। शिक्षिका लंबे समय से शिक्षण कार्य कर रही हैं, पुलिस द्वारा जांच में हर तरह से सहयोग किया जा रहा है।

छात्र के अभिभावक ने उनकी शिक्षिका पत्नी को क्लास में बेरहमी से पीटा है। इससे उनके कान में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी करनी चाहिए। पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। इस घटना से उनकी पत्नी को गहरा सदमा लगा है। ऐसे अभिभावक के खिलाफ पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। -राजीव खुराना, पीड़ित शिक्षिका के पति

शिक्षिका को न्याय दिला कर रहेंगे
भाजपा नेता शैलेंद्र विक्रम ने इस घटना पर रोष जताते हुए कहा कि शिक्षिका के साथ कक्षा में घुस कर मारपीट करना निंदनीय कृत्य है। स्कूल प्रबंधन लापरवाही से भी इंकार नही किया जा सकता। शिक्षिका को न्याय मिलने और इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में देरी होने पर पार्टी द्वारा आंदोलन किया जाएगा।

संबंधित समाचार