बरेली: शिक्षिका से मारपीट पर छात्र को स्कूल से किया निष्कासित
बरेली, अमृत विचार। बिशप कॉनरॉड सीनियर सेकेंड्री स्कूल में शिक्षिका के साथ क्लास रूम में घुसकर मारपीट के मामले में स्कूल प्रबंधन ने बयान जारी किया है। प्रबंधन ने अभिभावकों द्वारा शिक्षिका से मारपीट करने पर छात्र को निष्कासित करने का फैसला किया है। शुक्रवार को स्कूल प्रबंधन की ओर से स्कूल हॉल में प्रेसवार्ता …
बरेली, अमृत विचार। बिशप कॉनरॉड सीनियर सेकेंड्री स्कूल में शिक्षिका के साथ क्लास रूम में घुसकर मारपीट के मामले में स्कूल प्रबंधन ने बयान जारी किया है। प्रबंधन ने अभिभावकों द्वारा शिक्षिका से मारपीट करने पर छात्र को निष्कासित करने का फैसला किया है।
शुक्रवार को स्कूल प्रबंधन की ओर से स्कूल हॉल में प्रेसवार्ता की गई। प्रेसवार्ता में स्कूल के मैनेजर हेराल्ड डी कुन्हा ने बताया कि शिक्षिका रोली खुराना 17 वर्षों से शिक्षण कार्य कर रही हैं। कभी किसी अभिभावक द्वारा शिक्षिका के खिलाफ इस तरह की शिकायत नहीं की गई है। शिक्षिका का स्कूल में अच्छा रिकार्ड रहा है। शिक्षिका के साथ क्लास रूम में घुसकर मारपीट की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक धाराओं को बढ़ाकर दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्यवाई करने की मांग की है। इससे पूर्व मारपीट की घटना से आक्रोशित जनपद के विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों ने काली पट्टी बांध कर विरोध जताया था। शिक्षिका के साथ मारपीट की घटना से शिक्षकों व छात्रों में भय का माहौल है।
स्कूल प्रबंधन ने इस घटना के बाद से शिक्षकों व सामाजिक संगठनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए स्कूल से संबंधित छात्र को निष्कासित करने का निर्णय लिया है। मैनेजर हेराल्ड डी कुन्हा ने बताया कि धर्मप्रांत के बिशप डा. इग्नेशियस डिसूजा ने इस घटना की निंदा करते हुए शिक्षक व छात्र हित में संबंधित छात्र को निष्कासित करने का निर्णय लिया है।
