बरेली: स्काई वाक के तकनीकी टेंडर में शामिल हुई पांच फर्म

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पटेल चौक पर जनवरी में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से स्काई वाक का निर्माण शुरू कराने की तैयारी तेज हो गई है। स्काई वाक को बनाने के लिए तकनीकी टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसमें पांच फर्म शामिल हुई हैं। इसमें पास …

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पटेल चौक पर जनवरी में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से स्काई वाक का निर्माण शुरू कराने की तैयारी तेज हो गई है। स्काई वाक को बनाने के लिए तकनीकी टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसमें पांच फर्म शामिल हुई हैं। इसमें पास होने वाली फर्म वित्तीय टेंडर में शामिल होंगी। इसके साथ ही संस्था का चयन कर दिया जाएगा। स्मार्ट सिटी कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया अतिशीघ्र पूरी करने के साथ जनवरी में काम शुरू कराने की कोशिश चल रही है।

स्कॉई वॉक के बनने के साथ ही ट्रैफिक दबाव के बीच जाम की गिरफ्त में रहने पटेल चौक पर आवागमन काफी सुलभ हो जाएगा। तकनीकी टेंडर में शामिल होने वाली पांच फर्मों की निविदाओं का अध्ययन किया जा रहा है। शहरवासियों के लिए यह काफी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इसलिए इंजीनियर इस प्रोजेक्ट को शुरू करने से पहले काफी होमवर्क कर रहे हैं। तकनीकी टेंडर पास करने वाली फर्म को वित्तीय टेंडर में हिस्सा लेना होगा। इसमें पास होनी वाली फर्म को इस बड़ी परियोजना को पूरा करने का जिम्मा सौंप दिया जाएगा। स्काई वॉक बनने के साथ ही पटेल चौक की तस्वीर काफी बदल जाएगी।

धूप से बचने के लिए प्लॉस्टिक शेड बनेगा
आईवीआरआई अंडरपास की तरह धूप और बारिश से बचाव के लिए स्काई वाक पर भी प्लास्टिक का शेड होगा। चौराहे पर सभी प्रमुख सड़कों को जोड़ने वाले इस स्काई वाक में करीब 150 दुकानें भी होंगी, जहां पैदल चलने वाले लोग खरीदारी भी कर सकेंगे। यहां बनने वाला मार्केट राउंड शेप यानी गोलाकार होगा जो 12 पिलर के ऊपर खड़ा होगा। बता दें कि पटेल चौक से एक सड़क चौपुला चौराहा, दूसरी चौकी चौराहा, तीसरी नगर निगम, चौथी सड़क बड़ा हनुमान मंदिर जाती है। इसके अलावा भी दो रास्ते हैं।

ट्रैफिक दबाव के बीच काम कराना चुनौती
स्काई वाक शहर के सर्वाधिक व्यस्त रहने वाले चौराहों में एक पटेल चौक पर बनना है। यहां ट्रैफिक दबाव के बीच स्कॉई वॉक जैसी बड़ी परियोजना का काम शुरू कराना किसी जटिल चुनौती से कम नहीं है। अभी कुछ दिन पहले अधिकारियों ने पटेल चौक पर काम शुरू कराने के लिए ट्रॉयल लिया था। इसमें ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर रखना मुश्किल हो गया था। अधिकारियों का कहना है कि व्यवस्था को तैयार करने की कोशिश चल रही है।

पटेल चौक पर स्काई वाक बनाने के लिए तकनीकी टेंडर हो गए हैं। इसमें शामिल पांच फर्म जो मानकों पर खरी उतरेंगी, उनके लिए जल्द ही वित्तीय टेंडर कराए जाएंगे। इसके साथ ही फर्म का निर्धारण करके निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। जनवरी में निर्माण शुरू कराने की तैयारी है। -बीके सिंह, वरिष्ठ महाप्रबंधक, स्मार्ट सिटी कंपनी लिमिटेड

संबंधित समाचार