लखनऊ: सिविल अस्पताल में डॉक्टर की लापरवाही से हुई मौत, मचा हड़कंप
लखनऊ। हजरतगंज के पार्क रोड़ स्थित डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद एक महिला मरीज की मौत हो गई। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। परिवार के लोगों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने …
लखनऊ। हजरतगंज के पार्क रोड़ स्थित डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद एक महिला मरीज की मौत हो गई। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।
परिवार के लोगों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिवारजनों को किसी तरह समझाया-बुझाया तब जाकर मामला शांत हुआ। परिजनों ने मामले की लिखित शिकायत की है। परिवार के लोगों का कहना है कि महिला पूरी तरह ठीक थीं। सिर्फ मोतियाबिंद का ऑपरेशन होना था। ऑपरेशन होते ही मरीज की मौत कैसे हो गई।
अचानक बिगड़ी तबियत
अलीगंज निवासी 35 साल की मुन्नी देवी मोतियाबिंद की शिकायत होने पर बुधवार को आपरेशन करवाने के लिए डॉ.श्याम प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में भर्ती हुई थीं। महिला का आपरेशन करने के बाद डाक्टरों ने उन्हें आई वार्ड में शिफ्ट कर दिया। इस दौरान अचानक मरीज की तबियत खराब होने लगी। वार्ड में डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही मरीज ने दम तोड़ दिया। आरोप है कि डॉक्टर की ओर से कोई लापरवाही बरती गई है। इसके लिए दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पढ़ें- लखनऊ: अभ्यर्थियों ने मंत्री के आवास का किया घेराव, जानें क्यों…
टीम की गई गठित
सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. एस के नन्दा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। परिवारजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इसके बाद जांच के लिए दो वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम गठित की गई है। उनकी जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। किसी भी तरह की लापरवाही साबित होने पर दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मरीज की पूरी रिपोर्ट तलब की गई है। ऑपरेशन से पहले उसकी स्थिति की पड़ताल कराई जा रही है।
