विपक्ष की साजिशों का जवाब सोशल मीडिया से दें: धर्मेंद्र प्रधान
अयोध्या। उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पदाधिकारियों को विपक्ष से लड़ने के लिए सोशल मीडिया को हथियार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की गुमराह करने की साजिश का जवाब फेसबुक के माध्यम से दीजिए। साथ ही केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी सोशल …
अयोध्या। उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पदाधिकारियों को विपक्ष से लड़ने के लिए सोशल मीडिया को हथियार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की गुमराह करने की साजिश का जवाब फेसबुक के माध्यम से दीजिए। साथ ही केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी सोशल मीडिया पर डालें। शहर के नाका बाईपास स्थित गुरुदेव पैलेस में अयोध्या महानगर, बाराबंकी व अम्बेडकर की जिला व विधानसभा संचालन समिति व पदाधिकारियों की बैठक में केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने पदाधिकारियों से उनकी जिम्मेदारियों के विषय में जानकारी हासिल की।
बैठक में सबसे ज्यादा फोकस उन्होने सोशल मीडिया पर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर किया। उन्होंने कहा कि फेसबुक पर पदाधिकारियों के ज्यादा से ज्यादा फॉलोवर होने चाहिए, जिस कार्यकर्ता के 50 हजार से ज्यादा फालोवर होंगे उसे सम्मानित किया जायेगा। विपक्ष की गुमराह करने की साजिश का जवाब हम फेसबुक के माध्यम से दे सकते हैं। केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पदाधिकारी सोशल मीडिया पर दें। एक महीने में यूपी में चुनाव प्रारम्भ हो जायेगा। इसलिए हम अपनी सारी कमियों को आज की बैठक में दूर कर लेना है।
संगठन की हर बारीक से बारीक चीज पर चर्चा होनी चाहिए। जनता के बीच बताने के लिए आज हमारे पास सैकड़ों योजनाएं हैं। सबसे ज्यादा इसमें बड़ी बात कानून का राज है। कानून के राज को लेकर पूरा विश्व योगी सरकार की सराहना कर रहा है। आज 24 घंटे बिजली आती है। हम मिशन को लेकर चलने वाले चलने वाले कार्यकर्ता है। किसी एक व्यक्ति के प्रति निष्ठा को लेकर काम नहीं करते। आने वाले समय में दुनिया का सांस्कृतिक केन्द्रबिन्दु अयोध्या बनने जा रही है।
पढ़ें: बाराबंकी: सामूहिक विवाह में 78 जोड़ों ने लिए साथ फेरे, एक जोड़े का हुआ निकाह
इससे पहले हवाई पट्टी पर केंद्रीय मंत्री का स्वागत करने सांसद लल्लू सिंह, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचन्दर यादव, शोभा सिंह चौहान, गोरखनाथ बाबा, धमेन्द्र प्रताप सिंह टिल्लू, प्रभारी पद्मसेन चौधरी, महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, अभय सिंह, आलोक कुमार सिंह रोहित, अमित सिंह चौहान पहुंचे थे। सभा के दौरान क्षेत्रीय महामंत्री त्रयम्बक तिवारी, जिला प्रभारी पद्मसेन चौधरी, प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, अम्बेडकर नगर जिलाध्यक्ष मिथिलेश त्रिपाठी व अखंड प्रताप सिंह डिम्पल आदि मौजूद रहे।
50 वर्ष की उम्र में प्रियंका को पता चला कि वह लड़ सकती हैं…
अवध विश्वविद्यालय में आयोजित युवोत्थान कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से छात्रों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान चुनाव से लेकर शैक्षिक परिवेश के विषय में छात्र छात्राओं ने उनसे प्रश्न पूछे। जिसका उन्होने विस्तार से जवाब दिया। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि विश्व की बड़ी अर्थव्यवस्था रूस, चीन, जापान, जर्मनी की अपनी भाषा है। अमेरिका सबसे नवनिर्मित देश है। इससे यह साबित होता है कि अच्छी अर्थव्यवस्था के लिए अंग्रेजी जानना जरूरी नहीं है। फिर भी हम अंग्रेजों के अधीन रहने के कारण अंग्रेजी को लेकर स्वतंत्रता के बाद भी दुविधा में रहे। सरकार ने सभी स्थानीय भाषाओं में पढ़ाई प्रारम्भ करने जा रही है। अगर हम तमिल सीखेंगे तो चेन्नई में भी हमे रोजगार मिलेगा।
शिक्षा में यह व्यवस्था 75 साल बाद शुरू हुई है। कुश्ती में अंतराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता बविता फोगाट ने कहा कि प्रियंका गांधी का एक पोस्टर लगा है। लड़की हूं लड़ सकती हूं। अब 50 साल की उम्र में प्रियंका गांधी को यह पता चला है कि वह लड़की है और लड़ सकती है। परन्तु यहां देश लड़किया लड़कर पदक ला चुकी है। यह स्लोगन उनके भाई के लिए है जो उन्हें लड़ने नहीं देना चाहते। अखिलेश सरकार का गुण्डाराज आपने देखा है। योगी सरकार का रामराज्य में हम खुद को सुरक्षित महसूस करते है। संचालन युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने किया। मोर्चा की प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रवि शर्मा, जिलाध्यक्ष सुनील मिश्रा, सार्थक प्रताप तिवारी, विवेक सिंह मोनू, सुभाष यादव, श्रेया सिंह, अंकित त्रिपाठी, अमन तिवारी बिट्टू, शुभेन्द्र सिंह, आकाश सोमवंशी मौजूद रहे।
