बरेली: आंवला डिपो में फिर डिरेल हुई तेल की रैक, जांच के निर्देश
बरेली/आंवला, अमृत विचार। आंवला तेल डिपो में गुरुवार को पेट्रोल से लदी ट्रेन की रैक बेपटरी होने के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया था। शुक्रवार रात एक बार फिर यही वैगन बेपटरी हो गया। बताया जा रहा है कि डिपो में पेट्रोल से भरी रैक के एक वैगन को काफी प्रयास के बाद …
बरेली/आंवला, अमृत विचार। आंवला तेल डिपो में गुरुवार को पेट्रोल से लदी ट्रेन की रैक बेपटरी होने के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया था। शुक्रवार रात एक बार फिर यही वैगन बेपटरी हो गया। बताया जा रहा है कि डिपो में पेट्रोल से भरी रैक के एक वैगन को काफी प्रयास के बाद लाइन पर चढ़ाया गया।
वैगन को डिपो के अंदर ले जाने का प्रयास चल रहा था लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के चलते एक बार फिर लाइन से उतर गया। अधिकारियों के मुताबिक एक ही वैगन में डिसबैलेंस हो रहा है। इसके अलावा पूरी रैक सही तरीके से चली गई। दूसरी तरफ आंवला तेल डिपो में जाने वाली रेल लाइन पर बार-बार डिरेलमेंट होने की वजह से आला अफसरों ने ट्रैक की जांच के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक यह घटना ठीक उसी जगह हुई जहां गुरुवार दोपहर को एक वैगन पटरी से उतरा था। मामले की जानकारी लोको पायलट ने रेलवे कंट्रोल रूम पर दी। उधर एक ही जगह बार-बार ट्रेन डिरेल होने के कारण आला अधिकारी भी सकते में आ गए। डीआरएम ने जांच के आदेश दिए तो शनिवार सुबह मुरादाबाद से तीन अधिकारी आंवला डिपो पहुंचे। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार शिशोदिया ने बताया कि गुरुवार को जिस जगह हादसा हुआ था, शुक्रवार को भी ठीक उसी जगह रैक बेपटरी हुई है। संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
वैगन में कोई तकनीकी कमी है, जिस कारण आगे पास नहीं हो पा रहा है। मुरादाबाद और बरेली की तकनीकी टीम लगी हुई है, सही करने के बाद जल्द ही ट्रैक क्लियर कर दिया जाएगा। वैगन को वापस रेलवे स्टेशन पर ले आए हैं। – केके गुप्ता, स्टेशन मास्टर
