बरेली: 2.90 करोड़ से टंकी निर्माण में क्षतिग्रस्त हुई पाइप लाइन
बरेली, अमृत विचार। राजेंद्रनगर सहित कई इलाकों में पानी के संकट को खत्म करने के लिए नगर निगम करीब 2.90 करोड़ रुपये की लागत से नई पानी की टंकी का निर्माण करा रहा है। शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान पुरानी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। स्थानीय …
बरेली, अमृत विचार। राजेंद्रनगर सहित कई इलाकों में पानी के संकट को खत्म करने के लिए नगर निगम करीब 2.90 करोड़ रुपये की लागत से नई पानी की टंकी का निर्माण करा रहा है। शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान पुरानी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। स्थानीय पार्षद सहित तमाम लोगों ने फोन पर जलकल विभाग के महाप्रबंधक आरके यादव को सूचना दी लेकिन समस्या का निस्तारण न हो पाने से लोगों के हाथ मायूसी लगी।
राजेंद्र नगर में बांके बिहारी मंदिर के पीछे नई पानी की टंकी का निर्माण चल रहा है। स्थानीय पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना ने बताया कि नई टंकी का निर्माण कार्य प्रारंभ होते ही परेशानी पैदा हो गई। खुदाई का कार्य करते समय 12 इंच की पानी की लाइन टूट गई, जिसके कारण पेयजल आपूर्ति बंद करवानी पड़ी। नगर आयुक्त, जलकल विभाग के महाप्रबंधक सहित अन्य जेई आदि को फोन से सूचना दी गई। सूचना देने के बाद भी जलकल विभाग की तरफ से कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची।
जिसकी वजह से कार्य संपन्न नहीं हो सका है। इससे लोगों को काफी समस्याएं झेलनी पड़ी। अनिल कुमार, जयशंकर, अरूण आनंद आदि स्थानीय लोगों ने कहा कि उन्होंने भी जलकल विभाग के महाप्रबंधक को फोन पर सूचना दी तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। लोगों की यह भी शिकायत है कि पहले अधिकारी व संबंधित स्टाफ ने बात भी की लेकिन बाद में फोन तक उठना बंद हो गए। इस रवैये को देखकर लोगों में रोष व्याप्त हो गया।
