बरेली: जालसाज मां-बेटे ने कारोबारी से ठगे 22 लाख रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। घर बेचने के नाम पर मां-बेटे ने रिश्तेदार कारोबारी के साथ 22 लाख रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने बैंक का लोन चुकाने के बाद बैनामा कराने को कहा, लेकिन कर्ज निपटने के बाद भी आरोपियों ने कारोबारी को बैनामा नहीं कराया। जब पीड़ित ने मां-बेटे से बैनामा कराने को कहा …

बरेली, अमृत विचार। घर बेचने के नाम पर मां-बेटे ने रिश्तेदार कारोबारी के साथ 22 लाख रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने बैंक का लोन चुकाने के बाद बैनामा कराने को कहा, लेकिन कर्ज निपटने के बाद भी आरोपियों ने कारोबारी को बैनामा नहीं कराया। जब पीड़ित ने मां-बेटे से बैनामा कराने को कहा तो दोनों जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित ने थाना बारादरी में शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

प्रेमनगर थानाक्षेत्र के नरकुलागंज के रहने वाले अनीस अहमद ने बताया कि बारादरी के सतीपुर निवासी शकीला और उनका बेटा मोहम्मद शोएब से उनकी रिश्तेदारी है। इसकी वजह से उनका घर पर भी आना-जाना था। बताया कि दिसंबर 2016 में शकीला व उसका बेटा शोएब उनके पास आए और अपना घर बैंक में गिरवी होने की मजबूरी बताते हुए घर बेचने की इच्छा जताई। परेशानी में देख अनीस ने ही घर का सौदा कर लिया। घर का सौदा 24 लाख रुपये में हुआ था, जिसमें 2 लाख का भुगतान अनीस ने बतौर पेशगी 10 दिसंबर 2016 को किया।

अनीस ने बताया कि इसके बाद अलग-अलग तारीखों पर आरोपियों ने उनसे 20 लाख की रकम भी वसूल कर ली। 22 लाख रुपये का भुगतान होने के बाद जालसाज मां-बेटे ने बैंक का लोन चुकता होने के बाद घर का बैनामा करने से इनकार कर दिया। उसी दौरान कारोबार के काम से अनीस अहमद विदेश चले गए और कोविड लॉकडाउन के चलते जल्द वापस नहीं लौट सके। कुछ समय बाद शहर वापस लौटने पर आरोपियों द्वारा घर किसी और को बेचने की बात कारोबारी को पता चली।

इस पर उन्होंने जालसाजों से रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए रकम वापस करने से मना कर दिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत बारादरी पुलिस से की। बारादरी पुलिस ने शकीला और उसके बेटे मोहम्मद शोएब के खिलाफ धोखाधड़ी व जानलेवा धमकी देने के आरोप में नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।

संबंधित समाचार