बरेली: दुबई में अच्छी नौकरी के नाम पर एक लाख ठगे
बरेली, अमृत विचार। दुबई में अच्छी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक महिला ने मां-बेटे से एक लाख की ठगी कर ली। नौकरी के लिए दुबई भेजने के बाद युवक को मजदूरी पर लगवा दिया गया। पता चलने पर परिजनों ने युवक को वापस बुला लिया और जालसाज महिला से रकम वापस मांगी। इस पर …
बरेली, अमृत विचार। दुबई में अच्छी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक महिला ने मां-बेटे से एक लाख की ठगी कर ली। नौकरी के लिए दुबई भेजने के बाद युवक को मजदूरी पर लगवा दिया गया। पता चलने पर परिजनों ने युवक को वापस बुला लिया और जालसाज महिला से रकम वापस मांगी। इस पर महिला ने धमकाना शुरू कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा टायर मंडी निवासी फैसल ने बताया कि एक महिला ने उन्हें दुबई में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। इसके एवज में एक लाख रुपयों की मांग की थी। साथ ही दुबई में 35 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन का वादा किया। अच्छे भविष्य की चिंता करते हुए फैसल की मां नगमा ने रिश्तेदारों से एक लाख की रकम कर्ज पर लेकर 12 दिसंबर 2020 को जालसाज महिला को दे दिया। वहीं रकम मिलने के कुछ दिन बाद जालसाज महिला ने फैसल और उसकी मां की मुलाकात मुरादाबाद निवासी दूसरी महिला से कराई।
इसके बाद 5 जनवरी 2021 को युवक दुबई चला गया, जहां उसे दूसरी जालसाज महिला मिली और उसने युवक को 15 हजार रुपये प्रतिमाह पर मजदूर की नौकरी पर लगवा दिया। धोखाधड़ी की जानकारी होने पर फैसल के परिजनों ने किसी तरह रुपयों का इंतजाम करके उसे वापस बुला लिया। वापस लौटने पर जब फैसल अपनी मां के साथ आरोपी महिला के पास रकम वापस लेने पहुंचा तो महिला ने गाली-गलौज करते हुए धमकियां देनी शुरू कर दी। युवक ने मामले की शिकायत थाना दिवस में पहुंचकर सीओ प्रथम श्वेता कुमारी यादव से की है।
