बरेली: शादी के छह माह बाद महिला की मौत, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शादी के छह माह बाद महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। बिना सूचना के शव को ले जाते समय रिश्तेदार के देखने पर मायके वालों को मौत का पता चला। परिजनों ने महिला के ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं इज्जतनगर पुलिस ने …

बरेली, अमृत विचार। शादी के छह माह बाद महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। बिना सूचना के शव को ले जाते समय रिश्तेदार के देखने पर मायके वालों को मौत का पता चला। परिजनों ने महिला के ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं इज्जतनगर पुलिस ने महिला के पति समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया है।

फतेहगंज पश्चिमी के नई बस्ती निवासी पप्पू राठौर ने बेटी किरन की शादी 12 जुलाई 2021 को इज्जतनगर के मठलक्ष्मीपुर निवासी ऑटो चालक ललित राठौर से की थी। उन्होंने बताया कि रिश्तेदारों से उधार लेकर एक लाख नकद, एक महंगी मोटर साइकिल व अन्य काफी सामान दहेज बतौर शादी के समय दिया था। बताया कि इसके बाद भी शादी के अगले माह से ही किरन के ससुराल पक्ष के लोग दहेज में एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। किरन ने मायके पक्ष की आर्थिक स्थिति देखते हुए इसका विरोध किया लेकिन ससुराल पक्ष के लोग नहीं माने। इस बात को लेकर कई बार किरन के साथ मारपीट भी की गई लेकिन समझौता कराकर बातचीत शांत करा दी जाती।

किरन के चाचा ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब 10 बजे आरोपी ललित राठौर व उसके परिजन किरन को ऑटो रिक्शा में डालकर कहीं ले जा रहे थे। उसी समय वहां उनका एक रिश्तेदार पहुंच गया। किरन को देखने पर रिश्तेदार ने मायके पक्ष के लोगों को फोन करके मौत की खबर दी। सूचना पर किरन के परिजन पहुंचे और इज्जतनगर पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस की लापरवाही देखते हुए परिजनों ने शव को एसएसपी कार्यालय ले जाने की बात कही तो पुलिस भी हरकत में आ गई।

तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने किरन के पति ललित राठौर, ससुर रामदर्शन, सास उर्मिला व देवर राकेश के खिलाफ दहेज हत्या समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। साथ ही पति समेत अन्य लोगों को भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि किरन की मौत का राज पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद खुलेगा।

संबंधित समाचार