बिजनौर : डीएम ने दिए निर्देश, सहकारी चीनी मिल में स्टॉल लगाकर बेची जाए चीनी
बिजनौर, अमृत विचार। डीएम उमेश मिश्रा ने नजीबाबाद सहकारी चीनी मिल के प्रबंधक को निर्देश दिए कि मिल को कर्ज मुक्त करने के लिए योजनाबद्ध एवं टीम भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिले की एक मात्र सहकारी चीनी मिल के अस्तित्व को बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि वह आत्मनिर्भर बने। …
बिजनौर, अमृत विचार। डीएम उमेश मिश्रा ने नजीबाबाद सहकारी चीनी मिल के प्रबंधक को निर्देश दिए कि मिल को कर्ज मुक्त करने के लिए योजनाबद्ध एवं टीम भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिले की एक मात्र सहकारी चीनी मिल के अस्तित्व को बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि वह आत्मनिर्भर बने।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सहकारी चीनी मिल नजीबाबाद की कार्यकारिणी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे प्रयास किए जाएं कि चीनी मिल को कर्ज लेने की आवश्यकता ही ना पड़े।
चीनी के स्टॉक को बेचने के लिए मिल परिसर में स्टॉल लगवाकर उसमें 5, 10, 15 एवं 20 किग्रा के पैकिंग रखवाएं। इसके अलावा डिस्टलरी यूनिट को भी पूर्ण मानक के साथ क्रियाशील रखें, ताकि अपेक्षित राजस्व की प्राप्ति संभव हो सके। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके गन्ना मूल्य का भुगतान समय पर करें। इस अवसर पर चीनी मिल प्रबंधक सुखबीर सिंह, उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, डायरेक्टर गुरजीत सिंह, रफअत हुसैन, लोकेन्द्र सिंह, सुनील कुमार सहित मिल के अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे ।
