मुरादाबाद : मांगें पूरी न होने के विरोध में किया प्रदर्शन, नगर आयुक्त से भेंट कर सौंपा ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त कैंप कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। वे मांगों का निस्तारण न होने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। बाद में नगर आयुक्त से भेंट कर ज्ञापन सौंपा, जिस पर उन्होंने कुछ मांगों का जल्द निस्तारण करने का आश्वासन दिया। बुधवार की …

मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त कैंप कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। वे मांगों का निस्तारण न होने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। बाद में नगर आयुक्त से भेंट कर ज्ञापन सौंपा, जिस पर उन्होंने कुछ मांगों का जल्द निस्तारण करने का आश्वासन दिया।

बुधवार की दोपहर उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारी कैंप कार्यालय पहुंचे। यहां पर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। इसके बाद उन्होंने नगर आयुक्त संजय चौहान से भेंट कर मांगों पर चर्चा की। पदाधिकारियों ने कहा कि सफाईकर्मियों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। लेकिन, अधिकारियों द्वारा उन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आरोप लगाया कि सफाईकर्मियों का आर्थिक व सामाजिक उत्पीड़न किया जा रहा है।

लंबे समय से मांग करने के बाद भी आउटसोर्सिंग सफाईकर्मियों को नियमित कर्मियों की तरह वेतन नहीं दिया जा रहा है। डोर टू डोर कार्य करने वाले सफाईकर्मियों का पीएफ व एसआई में कटौती नहीं की जा रही है। पदाधिकारियों का कहना था कि पहले सफाई कर्मचारियों की मौत होने पर देह संस्कार के लिए निगम की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाती थी। लेकिन, अब उसे बंद कर दिया गया है।

इसके अलावा मृतकाश्रित सफाईकर्मियों की तैनाती समय से न होने के कारण उनको परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर नगर आयुक्त ने कुछ मांगों का जल्द निस्तारण करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर संजय समर्पित, वर्षा सागर, रोहित चंदेल, चिंटू वाल्मीकि, बॉबी, अशोक, अरुण, मुहम्मद शाहिद व अनिल कुमार आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार