मुरादाबाद : दो राइस मिलों ने हड़पा 4.53 करोड़ का चावल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ठाकुरद्वारा/मुरादाबाद/अमृत विचार। क्षेत्र की दो राइस मिलों पर चार करोड़ 53 लाख 29 हजार 275 रुपये का चावल हड़पने का आरोप है। पीसीएफ के जिला प्रबंधक ने एक मिल मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है जबकि दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। दोनों राइस मिलें ठाकुरद्वारा और डिलारी क्षेत्र की हैं। ठाकुरद्वारा के …

ठाकुरद्वारा/मुरादाबाद/अमृत विचार। क्षेत्र की दो राइस मिलों पर चार करोड़ 53 लाख 29 हजार 275 रुपये का चावल हड़पने का आरोप है। पीसीएफ के जिला प्रबंधक ने एक मिल मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है जबकि दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है।

दोनों राइस मिलें ठाकुरद्वारा और डिलारी क्षेत्र की हैं। ठाकुरद्वारा के गांव तरफ दलपत में स्थित मिल के मालिक पर आरोप है कि उसने सरकार से चावल बनाने के लिए लिया धान हड़प कर दो करोड़ 69 लाख 29 हजार 275 रुपये का घोटाला किया है। चावल और धनराशि न लौटाने पर पीसीएफ के जिला प्रबंधक ने आरोपी राइस मिलर के खिलाफ गबन का मुकदमा कायम कराया है। आरोपी राइस मिलर फरार है। पीसीएफ के जिला प्रबंधक ने बताया कि राइस मिलर्स को चावल बनाने के लिए 21 हजार 334 क्विंटल धान वित्तीय वर्ष 2020-21 में दिया गया था। इसमें से कुछ धान का ही चावल बनाकर दिया गया था।

बता दें कि गांव तरफ दलपत में उत्तराखंड के जसपुर के मोहल्ला पट्टी चौहान वार्ड 3 निवासी महेश चंद पुत्र रामकरन सिंह की श्री साईं इंडस्ट्रीज के नाम से राइस मिल है। पीसीएफ के जिला प्रबंधक विनय सिंह कुशवाहा के अनुसार महेश चंद ने सरकार से चावल बनाने के लिए धान लिया था, लेकिन काफी समय बीत जाने पर भी उसने न तो चावल लौटाया और न ही धान की धनराशि वापस की। राइस मिलर को धनराशि एवं चावल लौटाने के लिए कई बार नोटिस जारी किया गया। उस पर अन्य कारवाई भी की गई, लेकिन राइस मिलर्स महेश चंद पर कोई असर नहीं पड़ा।

जिस पर पीसीएफ के जिला प्रबंधक विनय सिंह कुशवाहा की तहरीर पर पुलिस ने 2 करोड़ 69 लाख 29 हजार 975 रुपये के चावल एवं धनराशि गबन करने के आरोप में आईपीसी की धारा 406 के अंतर्गत मुकदमा कायम किया है। मामले की जांच उप निरीक्षक नीरज सिंह को सौंपी है। वहीं थाना डिलारी क्षेत्र में स्थित राइस मिल ने 1 करोड़ 84 लाख रुपये का चावल घोटाला किया है, जिसके खिलाफ मुकदमा कायम करने के लिए पुलिस को तहरीर दी है।

पीसीएफ के जिला प्रबंधक विनय सिंह कुशवाहा ने बताया कि थाना डिलारी के गांव सलारपुर स्थित राइस मिल के संचालक को भी चावल बनाने के लिए धान दिए गए थे, लेकिन उसने भी चावल वापस नहीं किए। करीब 1 करोड़ 84 लाख रुपये का घोटाला किया है। मिल के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दी है।

संबंधित समाचार