मुरादाबाद : दहेज में चार लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर दिया तलाक, एसएसपी से की शिकायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्लाट खरीदने के लिए ससुराल वालों ने चार लाख रुपये की मांग की। इन्कार करने पर ससुरालियों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पति ने भी मायके में आकर तलाक दे दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती-पत्र में डिलारी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि …

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्लाट खरीदने के लिए ससुराल वालों ने चार लाख रुपये की मांग की। इन्कार करने पर ससुरालियों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पति ने भी मायके में आकर तलाक दे दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती-पत्र में डिलारी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसका निकाह 29 जून को रामपुर जनपद के टांडा थाना क्षेत्र के गांव निवासी अजीम के साथ हुआ था। उसके पिता ने शादी में आठ लाख रुपये खर्च किए थे। मगर ससुराल वाले इस दहेज से खुश नहीं थे। टांडा में प्लाट खरीदने के लिए वह दहेज में चार लाख रुपये मांगने लगे।

विरोध पर पति शराब पीकर उसके साथ कुकर्म करने लगा। एक महीने पूर्व ससुराल वालों ने मिट्टी का तेल छिड़क कर जिंदा जलाने का प्रयास किया। शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंच गए, इसलिए उसकी जान बच गई। वह पांच महीने की गर्भवती है। पीड़िता के अनुसार दो नवंबर को उसके पति, सास-ससुर, देवर आदि ने उससे फिर चार लाख रुपये की मांग की। पीड़िता ने कहा कि पिता ने उसकी शादी जमीन बेचकर की थी।

अब उसके पास देने के लिए इतने पैसे नहीं हैं। इस पर ससुराल वालों ने उसे जमकर पीटा और घर से निकाल दिया। आरोप है कि दो दिन बाद पति व उसके परिजन मायके आ गए और फिर से चार लाख रुपये की मांग दोहराने लगे। पिता के समझाने पर पति आग-बबूला हो गया और उसे तीन तलाक देकर चला गया। पीड़िता थाने भी गई मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।

संबंधित समाचार