मुरादाबाद : सपा पार्षद पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
मुरादाबाद, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के पार्षद को कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। इस दौरान जातिसूचक शब्दों से भी उन्हें अपमानित किया। सरेराह मारपीट होती देख भीड़ जुट गई। उधर से गुजर रहे ई-रिक्शा चालक ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने पार्षद की हालत गंभीर बताई है। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र …
मुरादाबाद, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के पार्षद को कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। इस दौरान जातिसूचक शब्दों से भी उन्हें अपमानित किया। सरेराह मारपीट होती देख भीड़ जुट गई। उधर से गुजर रहे ई-रिक्शा चालक ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने पार्षद की हालत गंभीर बताई है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के अशियाना फेज-2 डबल स्टोरी निवासी सुदेश सिंह वार्ड पांच के सपा पार्षद हैं। बुधवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे वह ढाप वाले मंदिर की ओर से होकर अपने घर जा रहे थे।
आरोप है कि तभी कालोनी में ही रहने वाले पांच लोगों ने उन्हें घेर लिया। इनमें से तीन आरोपी उसकी कालोनी में ही रहने वाले भाजपा कार्यकर्ता हैं। तीनों काफी समय से पार्षद से रंजिश मानते हैं। इन लोगों ने पार्षद को घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड तथा तमंचे की बट से बुरी तरह पीटा।
पार्षद ने सोने की चेन और सात हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है। मारपीट में पार्षद का एक दांत भी टूट गया। हंगामा होने पर मौके पर भीड़ जुटने लगी तो हमलावर बाद में देख लेने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। उधर से गुजर रहा ई-रिक्शा चालक मोहम्मद जमाल भी भीड़ देखकर रुक गया। लोग तमाशा देख रहे थे और घायल सुरेंद्र सिंह तड़प रहा था। तब ई-रिक्शा चालक ने ही पार्षद को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया गया है। पार्षद की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पार्षद ने सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों से अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। जानकारी पाकर सपा कार्यकर्ता जिला अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
