बिजनौर : प्रसव के दौरान महिला की मौत, नर्सिंग होम की संचालिका फरार
बिजनौर, अमृत विचार। शहर के मोहल्ला बुखारा में नर्सिंग होम में एक महिला की प्रसव के दौरान अधिक खून बहने के कारण मौत हो गई है। घटना से गुस्साए परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में समझौता होने की चर्चा है। शहर …
बिजनौर, अमृत विचार। शहर के मोहल्ला बुखारा में नर्सिंग होम में एक महिला की प्रसव के दौरान अधिक खून बहने के कारण मौत हो गई है। घटना से गुस्साए परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में समझौता होने की चर्चा है।
शहर से सटे मोहल्ला बुखारा में अवैध रूप से शिफा नर्सिंग होम का लंबे समय से संचालन हो रहा है। इस नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान पूर्व में भी कई महिलाओं की मौत हो चुकी है, जिसके चलते नर्सिंग होम कई बार सील होता रहा है, किंतु नोडल अधिकारी से सांठगांठ के चलते मोटी रकम देकर नर्सिंग होम संचालक हर बार सील खुलवाने में कामयाब रहे है।
मोहल्ला बुखारा के अरबी मस्जिद के निकट रहने वाले रिहान ने अपनी गर्भवती पत्नी परवीन को दूसरे बच्चे के लिए प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार को शिफा नर्सिंग होम में भर्ती कराया था, जहां एक पुत्री को जन्म देने के बाद अचानक परवीन की हालत बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि बच्ची के जन्म के बाद चिकित्सा चिकित्सक खून का स्राव रोकने में कामयाब नहीं हो सकी।
परिजनों का आरोप है कि परवीन की हालत बिगड़ने के बाद अवैध रूप से चल रहे शिफा नर्सिंग होम की संचालिका वहां से फरार हो गई। जिसके बाद महिला की नाजुक हालत में परिजनों से दूसरे अस्पताल ले जाने लगे। इसी बीच महिला की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने दर्जनों पर हंगामा करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इसी बीच थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां रात्रि लगभग एक बजे तक दोनों पक्षों के बीच चली समझौता वार्ता के बाद दोनों ओर से समझौता हो गया। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि नोडल अधिकारी की अवैध वसूली के चलते शहर में ऐसे दर्जनों अवैध नर्सिंग होम चल रहे है, जिनसे अवैध वसूली करके नोडल अधिकारी ने झोलाछाप चिकित्सकों को मासूम लोगों की जान से खिलवाड़ करने के लिए खुली छूट दे रखी है।
