बाराबंकी: विजेन्द्र हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी। थाना कुर्सी अन्तर्गत चार दिन पूर्व हुए विजेन्द्र हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मृतक की बहन के प्रेमियों ने उक्त घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस घटना में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से मृतक का लूटा गया मोबाइल व घटना में प्रयोग किया गया डण्डा …

बाराबंकी। थाना कुर्सी अन्तर्गत चार दिन पूर्व हुए विजेन्द्र हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मृतक की बहन के प्रेमियों ने उक्त घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस घटना में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से मृतक का लूटा गया मोबाइल व घटना में प्रयोग किया गया डण्डा बरामद किया।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके दोनो को जेल भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी ने इस गुडवर्क से खुश होकर पुलिस टीम को बधाई दी है। जानकारी के अनुसार, बीती 13 दिसम्बर की शाम को कोतवाली देवा क्षेत्र के ग्राम मदीनपुर निवासी विजेन्द्र सिंह पुत्र सुदर्शन सिंह अपने घर से संदिग्ध अवस्था में लापता हो गया था। दूसरे दिन 14 दिसम्बर की सुबह विजेन्द्र घायल अवस्था में थाना कुर्सी क्षेत्र के ग्राम अम्बरपुर मजरे सिकन्दरपुर के पास स्थित नाले में मिला था।

जिसको इलाज के लिये ग्रामीण अस्पताल ले गये थे जहां पर उसकी मौत हो गयी थी। मृतक के बड़े भाई रविन्द्र सिंह की तहरीर पर कुर्सी पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज करके जांच पड़ताल शुरु कर दी थी। शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर थाना कुर्सी प्रभारी धर्मवीर सिंह और सर्विलांस टीम प्रभारी करुणेश पाण्डेय ने छापा मारकर थाना बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम खिझना निवासी विनीत शाहू पुत्र त्रिलोकी गुप्ता व थाना कुर्सी के कस्बा टिकैतगंज निवासी अखिलेश कुमार शाहू पुत्र स्व. पूरन लाल को धर दबोचा।

पुलिस ने इन लोगों के पास से मृतक का मोबाइल फोन व आला कत्ल के रुप में एक अद्द बांस का डण्डा बरामद किया। घटना के बारे में अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए मुख्य आरोपी अखिलेश कुमार की मोबाइल फोन की दुकान कस्बा टिकैतगंज में स्थित है उस दुकान पर उसका ममेरा भाई विनीत भी काम करता है।

पढ़ें- हरदोई : अवैध शराब बनाते पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार

मृतक की दो बहने निन्दूरा में स्थित एक विद्यालय में पढ़ने आती थी। इसी दौरान उन बहनों का सम्पर्क अखिलेश और विनीत से हो गया और इन लोगों में प्रेम सम्बन्ध भी बन गये। अखिलेश ने मृतक की एक बहन को बात करने के लिये एक मोबाइल फोन गिफ्ट के रुप में दिया था। जिससे चोरी छिपे दोनो बहने अखिलेश और विनीत से बात करती थी। कुछ दिन पूर्व जब इस बात का पता मृतक विजेन्द्र को हुआ था तो उसने अपनी बहनों को काफी मारापीटा था और इन दोनो लोगों से बात करने को भी मना किया था।

अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने आगे बताया कि घटनावाली शाम 13 दिसम्बर को विजेन्द्र जब काम करके घर वापस आया तो घर पर उसकी बहने मौजूद नही थी। जिस पर विजेन्द्र अपनी बहनों का पता लगाने के लिये गांव के बाहर खेत में गया तो विजेन्द्र को आता देख उसकी बहने वहां से फरार हो गयी मौके पर विजेन्द्र ने विनीत शाहू को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने लगा। इसी बीच छुपकर बैठे अखिलेश ने पीछे से जाकर विजेन्द्र के ऊपर डण्डो से प्रहार करना शुरु कर दिया।

गम्भीर रुप से घायल अवस्था में विजेन्द्र को इन दोनों लोगों ने नाले के पास छोड़कर फरार हो गए और विजेन्द्र का मोबाइल लेकर चले गये। अपर पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि साक्ष्यो के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था और दोनो आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।

संबंधित समाचार