लखनऊ के नगराम में बड़ा हादसा, नहर में पलटी एसयूवी, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के नगराम थाना अंतर्गत नई जेल रोड से नगराम के बीच शुक्रवार देर शाम एक एसयूवी कार अनियंत्रित होकर इंद्रा नहर में पलट गई। कार में सवार एक ही परिवार के नौ लोगों में से चार की मौत हो गई। जिनमें एक 05 वर्षीय बच्ची भी शामिल हैं। तीन लोग कार से …

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के नगराम थाना अंतर्गत नई जेल रोड से नगराम के बीच शुक्रवार देर शाम एक एसयूवी कार अनियंत्रित होकर इंद्रा नहर में पलट गई। कार में सवार एक ही परिवार के नौ लोगों में से चार की मौत हो गई। जिनमें एक 05 वर्षीय बच्ची भी शामिल हैं। तीन लोग कार से जीवित निकाले गए। शेष दो लोगों का अबतक कुछ पता नहीं चल सका है। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफी) व पुलिस की टीम घटना स्थल पर बचे हुए लोगों को खोजने में लगी हुई है।

मृतकों में संगीता (23), चहक (05), रूपा (65) व रूपेश (11) शामिल हैं। कार से जीवित निकाले गए लोगों में गोवर्धन मिश्रा (68), कुलदीप मिश्रा (28) व कपिल मिश्रा (08) शामिल हैं। शेष दो बच्चों अनन्या व रुद्र का अबतक पता नही चल सका है। फिलहाल उनकी भी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। कार में सवार सभी पीलीभीत के मेनी बिलसंडा के रहने वाले थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका संगीता के पिता गंगाराम मिश्रा नगराम के अचलीखेड़ा गांव में एक फार्म हाउस में काम करते हैं। शुक्रवार को सभी गंगाराम से ही मिलने के लिए पीलीभीत से नगराम के लिए रवाना हुए थे। नई जेल रोड से नगराम जाने के रास्ते में इंद्रा नगर के पास कार का संतुलन बिगड़ गया और कार नहर में गहरे पानी में गिर गई। इलाकाई लोगों ने तत्काल नगराम थाना को सूचित किया। नगराम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को निकालने का प्रयास शुरू किया। एसडीआरएफी की टीम को भी बुलाया गया।

काफी मशक्कत के बाद क्रेन के माध्यम से कार को निकाला गया। जिसमें तीन शव व दो लोग जीवित मिले। वहीं एसडीआरएफ की टीम ने नहर से एक शव और एक अन्य जीवित को कुछ देर के बाद निकाला। बकौल नगराम थाना प्रभारी दो बच्चों अनन्या और रुद्र की अबतक नहर में खोज की जा रही है। जीवित निकाले गए लोगों से जानकारी लेकर मृतकों के पीलीभीत में रहने वाले परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम भेजा गया है, जबकि जीवित लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: कारोबारी के अपहर्ता देवेंद्र पर 50 हजार का इनाम, कोर्ट ने खारिज की याचिका

संबंधित समाचार