बरेली: डेलापीर तालाब को पाटकर माफिया ने की कब्जे की कोशिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम प्रशासन एक ओर डेलापीर तालाब के सौंदर्यीकरण पर मोटी रकम खर्च कर रहा है तो दूसरी ओर कई भूमाफिया की नजर इस तालाब की जमीन पर लग गई है। भूमाफिया ने करीब दो सौ ट्रॉली खनन की मिट्टी डालकर तालाब की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की लेकिन नगर …

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम प्रशासन एक ओर डेलापीर तालाब के सौंदर्यीकरण पर मोटी रकम खर्च कर रहा है तो दूसरी ओर कई भूमाफिया की नजर इस तालाब की जमीन पर लग गई है। भूमाफिया ने करीब दो सौ ट्रॉली खनन की मिट्टी डालकर तालाब की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की लेकिन नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर उनकी कोशिश पर पानी फेर दिया। नगर निगम के अधिकारियों ने सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने और खनन की मिट्टी का प्रयोग करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है।

नगर निगम और बरेली विकास प्राधिकरण डेलापीर तालाब उसके आसपास के क्षेत्र का कायाकल्प कर रहा है। नगर निगम 15वें वित्त आयोग के तहत डेलापीर तालाब का सौंदर्यीकरण कर रहा है और इन दिनों तालाब की सिल्ट सफाई का काम चल रहा है। इस बीच भूमाफिया ने तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की है।

शुक्रवार की सुबह नगर निगम अधिकारियों को जानकारी हुई तो टीम ने पहुंचकर मिट्टी हटवाना शुरू किया। मौके पर कब्जा करने वाले लोग भी आ गए तो उनसे नोकझोंक भी हुई। नगर निगम के अधिशासी अभियंता संजीव प्रधान ने बताया कि तालाब पर नगर निगम की ओर से काम चल रहा है। कुछ लोगों ने योजना के तहत करीब 200 ट्राली से अधिक मिट्टी डालकर तालाब पर कब्जा करने की कोशिश की है। सुबह जानकारी मिली तो अतिक्रमण दस्ता प्रभारी जयपाल सिंह पटेल को कब्जा हटवाने के लिए भेजा गया। यहां टीम ने क्रेन और जेसीबी के माध्यम से कब्जा खाली कराना शुरू किया तो कुछ लोग मौके पर आए गए और उन्होंने विरोध किया।

इस दौरान टीम के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई। मिट्टी को कब्जे में लेकर उसे तालाब से निकलवाया जा रहा है और कब्जा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए प्रेमनगर पुलिस को तहरीर दी गई है। बता दें कि 18 दिसंबर को शाजहांपुर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर बरेली का भी प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा नगर निगम के अधिकारी भी व्यस्त हैं।

इसकी का फायदा उठाते हुए भूमाफिया ने तालाब की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। बताते हैं कि तालाब पर पक्का निर्माण कराने की भी भूमाफिया की पूरी योजना थी। इस मौके पर अतिक्रमण प्रभारी ललतेश कुमार, प्रवर्तन दल के रिटायर्ड कर्नल सुधीर भोला, खनन अधिकारी लालता प्रसाद सहित कई लोग मौजूद रहे।

डेलापीर तालाब की जमीन पर मिट्टी डालकर अवैध कब्जा करने की कोशिश की गई थी। अधिकारियों के साथ टीम को मौके पर भेजा गया। इस संबंध में कब्जेदारों के खिलाफ थाना में तहरीर दी है। खनन अधिकारी को भी मौके पर बुलाकर जांच कराई गई है। -अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त

संबंधित समाचार