मुरादाबाद : आतंकियों से फंड लेने के आजम खां के विवादित बयान पर हुई सुनवाई
मुरादाबाद, अमृत विचार। सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर हुए खर्च में आतंकियों से फंडिंग वाले आजम खां के विवादित बयान पर शनिवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद आजम खां को एमपी-एमएलए कोर्ट में तलब करने पर बहस हुई। अब इस मामले में 12 जनवरी को सुनवाई होगी। मामला …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर हुए खर्च में आतंकियों से फंडिंग वाले आजम खां के विवादित बयान पर शनिवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद आजम खां को एमपी-एमएलए कोर्ट में तलब करने पर बहस हुई। अब इस मामले में 12 जनवरी को सुनवाई होगी।
मामला वर्ष 2014 का है, दरअसल उस वक्त प्रदेश में सपा की सरकार थी। 24 नवंबर वर्ष 2014 को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन बड़े धूमधाम से रामपुर में मनाया गया था। तत्कालीन कैबिनेट मंत्री आजम खां ने जन्मदिन में होने वाले सभी कार्यक्रमों का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में मुलायम सिंह के अलावा सीएम अखिलेश यादव समेत पूरी कैबिनेट रामपुर में मौजूद रही थी। इस कार्यक्रम के बाद जब मीडिया कर्मियों ने आजम खां से जन्मदिन पर होने वाले खर्च के संबंध में सवाल किया तो उन्होंने विवादित बयान दिया था।
उनका कहना था कि दाऊद, अबू सलेम और अन्य आतंकी संगठनों ने इसके लिए फंडिंग की है। इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में भूचाल आ गया था। इस संबंध में आजम खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए मुगलपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाले पूर्व पार्षद विपिन कुमार शिव सैनिक ने थाने में तहरीर दी थी। उनका कहना था आजम खां के बयान से देशवासियों की भावनाएं आहत हुई है।
हालांकि जब इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो उन्होंने अपने अधिवक्ता विनीत भटनागर के माध्यम से एमपी-एमएलए कोर्ट में परिवाद दर्ज कराया था। जिस पर बुधवार को बहस हुई। अधिवक्ता विनीत भटनागर ने बताया कि बुधवार को आजम खां को कोर्ट में तलब करने के लिए बहस हुई। बहस पूरी होने के बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 12 जनवरी की तारीख नियत की है।
