बरेली: चुनावी रंजिश में युवक के मुंह पर फेंका तेजाब
हाफिजगंज, अमृत विचार। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के औरंगावाद गांव में पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर एक युवक पर दो भाइयों ने तेजाब डाल दिया। तेजाब डालने का आरोप क्षेत्र पंचायत चुनाव में हारे प्रत्याशी व उसके भाई पर लगा है। तेजाब से युवक का चेहरा झुलस गया। चीखने पर आरोपी मौके से फरार हो …
हाफिजगंज, अमृत विचार। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के औरंगावाद गांव में पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर एक युवक पर दो भाइयों ने तेजाब डाल दिया। तेजाब डालने का आरोप क्षेत्र पंचायत चुनाव में हारे प्रत्याशी व उसके भाई पर लगा है। तेजाब से युवक का चेहरा झुलस गया। चीखने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। युवक किसी तरह पहने अपने घर पहुंचा। इसके बाद परिजनों के साथ थाने गया। यहां उसने तहरीर देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई। पुलिस ने घायल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल के लिए भेजा है।
औरंगाबाद के रंजीत कुमार पुत्र महेन्द्र पाल ने बताया कि शुक्रवार को वह दोपहर करीब 3 बजे अपने खेत से घर वापस आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक कार में गांव का ही कुंवरसेन व उसके भाई गुड्डू ने उसे रोक लिया। उन्होंने उसके साथ गाली गलौज की। आरोपी को बीडीसी चुनाव लड़कर हरवाने का आरोप लगाते हुए मारपीट की। जब उसने गाली देने व मारपीट का विरोध किया तो दोनों भाइयों ने उस पर तेजाब फेंक दिया।
तेजाब उसके चेहरे के साथ ही हाथ पर गिरा। जिससे उसका चेहरा व हाथ जल गए। चीख पुकार सुनकर कुछ लोग मदद के लिए दौड़े। इतने में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल किसी तरह अपने घर पहुंचा। इसके बाद अपने माता-पिता के साथ थाने पहुंचे। रंजीत की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
तहरीर पर जानलेवा हमले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायल को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। – प्रदीप कुमार, इंस्पेक्टर हाफिजगंज
