रामपुर : तंबाकू व्यापारी के घर से 17 लाख की चोरी, शादी में अलीगढ़ गया था परिवार
रामपुर, अमृत विचार। शहर के गंज थाना क्षेत्र में तंबाकू कारोबारी के घर को निशाना बनाकर चोर 30 तोले सोने के जेवर और तीन लाख रुपये नकद समेट ले गए। कारोबारी के शनिवार रात को घर वापस आने पर 17 लाख की चोरी की जानकारी हुई। सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल का मौका मुआयना करने …
रामपुर, अमृत विचार। शहर के गंज थाना क्षेत्र में तंबाकू कारोबारी के घर को निशाना बनाकर चोर 30 तोले सोने के जेवर और तीन लाख रुपये नकद समेट ले गए। कारोबारी के शनिवार रात को घर वापस आने पर 17 लाख की चोरी की जानकारी हुई। सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल का मौका मुआयना करने के बाद लौट आई। पीड़ित ने इस मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला पीला तालाब हमाम वाली गली में मेनरोड पर रहने वाले वासिफ मंसूर पेशे से तंबाकू कारोबारी हैं। इनके तीन भाई अन्य जिलों में रहकर काम करते हैं। 17 दिसंबर को वह अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए अलीगढ़ गए थे। इस दौरान घर में ताले पड़े थे। रात के समय चोर मौका पाकर ताले तोड़कर घर के अदंर घुस गए। उसके बाद चोरों ने सभी कमरों के ताले तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली। चोर घर से करीब तीस तोले सोने के जेवर और तीन लाख की नकदी सहित सारा कीमती सामान समेट कर ले गए।
शनिवार रात को जब दस बजे परिवार के लोग वापस आए, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोरी की सूचना मिलने के बाद मोहल्लेवासी भी एकत्र हो गए। बाद में जानकारी मिलने के बाद ही पुलिस भी आ गई। मौका मुआयना करने के बाद वापस लौट गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्जकर जांच में जुट गई है।
मुख्य दरवाजे में चोर डाल गए अपना ताला
पीड़ित वासिफ का कहना है कि चोर मुख्य दरवाजे में अपना ताला डालकर चले गए थे। किसी तरह से ताले को तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया, तो सारा कीमती सामान गायब था। वासिफ अपने परिवार के साथ शादी में शरीक होने अलीगढ़ गए थे। घर बंद होने का चोर फायदा उठाकर घर में घुस गए। उसके बाद चोर वहां से सामान समेट कर ले गए थे और जाते समय किसी को शक नहीं हो तो चोर अपना ताला डालकर फरार हो गए थे। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस रात को नहीं करती गश्त
आसपास के लोगों का कहना है कि पुलिस रात को गश्त नही करती है, इससे भी घटनाएं बढ़ रही हैं। मोहल्लेवासियों का कहना है कि ठंड अधिक बढ़ जाने के कारण लोग अपने घरों में घुस जाते हैं। इस दौरान चोर बंद पड़े घरों को निशाना बनाकर सामान समेट कर ले जाते हैं। पुलिस रात को गश्त नहीं करती है इससे भी वारदात बढ़ रही हैं।
घटनास्थल से 50 कदम की दूरी पर है चौकी
मोहल्ला पीला तालाब से चौकी की दूरी मात्र 50 कदम की है, उसके बाद भी चोर तंबाकू कारोबारी के बंद घर को निशाना बनाकर वहां से 17 लाख का माल समेट कर ले गए। उसके बाद चोर वहां पर अपना ताला भी डालकर चले गए। लेकिन चौकी में तैनात पुलिस को भनक तक नहीं लगी। आस पड़ोस के लोगों को भी घटना के बारे में पता नहीं चल सका।
चोरी में कोई अपना शामिल
पुलिस जांच पड़ताल में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जिस तरह से पूरे परिवार के शादी में शरीक होने के बाद चोरों ने घटना को अंजाम दिया है उससे यह जाहिर होता है कि इस चोरी में कोई अपना शामिल है, क्योंकि वह इनके जाने का इंतजार कर रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद वह ताला डालकर चला गया।
बिलासपुर और अजीमनगर थाने में भी हो चुकीं वारदात
दो माह पहले बिलासपुर और अजीमनगर थाना क्षेत्र में कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर सकी है बीते दिनों बिलासपुर में चोर दो किसानों के घरों से निशाना बनाकर वहां करीब 50 लाख का माल समेट कर ले गए थे। पुलिस अभी तक उसका भी खुलासा नहीं कर सकी है।
