मुरादाबाद : बहन को बंधक बना पांच दिन रखा भूखा-प्यासा, पुलिस ने कराया बंधनमुक्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। संपत्ति के मामलों में लोग खूनी रिश्तों को भी दरकिनार करते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला महनगर में भी सामने आया। मकान के बंटवारे को लेकर दो सगी बहनों ने युवती को मकान में बंद कर ताला लगा दिया। युवती पांच दिनों तक मकान में भूखी-प्यासी बंद पड़ी रही। किसी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। संपत्ति के मामलों में लोग खूनी रिश्तों को भी दरकिनार करते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला महनगर में भी सामने आया। मकान के बंटवारे को लेकर दो सगी बहनों ने युवती को मकान में बंद कर ताला लगा दिया। युवती पांच दिनों तक मकान में भूखी-प्यासी बंद पड़ी रही। किसी तरह जानकारी होने पर पड़ोसी ने सीओ को सूचना दी तो उन्होंने पारिवारिक विवाद बताकर पल्ला झाड़ लिया। उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर युवती को बंधनमुक्त करवा कर एफआईआर पंजीकृत की है।

मामला कटघर कोतवाली क्षेत्र के मकबरा का है। यहां रहने वाली वंदना सैनी ने बताया कि उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। वह पांच बहने हैं। मकान के बंटवारे को लेकर उसकी छोटी बहनों प्रतिमा और माधवी ने उसे मकान में बंद कर दिया और दरवाजे पर ताले डाल दिए। पांच दिन तक वह मकान में भूखी प्यासी बंधक बनी रही। किसी तरह इसकी जानकारी पड़ोसियों को हुई। इस पर पड़ोसी राजकुमार ने पुलिस को सूचना दी।

आरोप है कि इसके बाद भी पुलिस ने मौके पर जाना ठीक नहीं समझा। राजकुमार ने बताया कि उन्होंने सीओ को भी मामले से अवगत कराया। लेकिन, उन्होंने भी पारिवारिक विवाद बताकर टाल दिया। इससे आक्रोशित पड़ोसियों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की। उन्होंने कटघर पुलिस को बंधक महिला को मुक्त कराने का आदेश दिया। इस पर पुलिस शनिवार की रात मौके पर पहुंची। इससे पहले ही छोटी बहन सीमा सैनी मौके पर पहुंच गई। उसका कहना था कि उसके पास भी वारिसान हक है।

आरोप लगाया कि बड़ी बहन वंदना सैनी उन्हें अंदर नहीं जाने देती, इसलिए उसे कमरे में बंद कर दिया। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बंधक बनी वंदना को मुक्त कराया। सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि वंदना सैनी की तहरीर पर उसकी दो बहनों प्रतिमा और माधवी के खिलाफ एफआईआर पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार