अमृत विचार अभियान का असर: एसएसपी की हरी झंडी, शहर के अंदर से जाएंगी रोडवेज बसें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। आखिर अमृत विचार की मुहिमा रंग ले आई। अब मुरादाबाद डिपो की बसें रेलवे स्टेशन रोड से दिल्ली की ओर आ-जा सकेंगी। इससे दिल्ली रूट के यात्रियों को टिकट में सात रुपये की बचत होगी। साथ ही अब लोग 45 मिनट कम समय में अमरोहा, हापुड़ और आनंद विहार (दिल्ली) पहुंच सकेंगे। रेलवे …

मुरादाबाद,अमृत विचार। आखिर अमृत विचार की मुहिमा रंग ले आई। अब मुरादाबाद डिपो की बसें रेलवे स्टेशन रोड से दिल्ली की ओर आ-जा सकेंगी। इससे दिल्ली रूट के यात्रियों को टिकट में सात रुपये की बचत होगी। साथ ही अब लोग 45 मिनट कम समय में अमरोहा, हापुड़ और आनंद विहार (दिल्ली) पहुंच सकेंगे।

रेलवे पुल निर्माण के समय से दिन में बसों का आना-जाना बंद था। रोडवेज प्रबंधन और यातयात पुलिस की बहस में बंद चल रहे बसों के संचालन की समस्या को अमृत विचार ने अभियान के रूप में उठाया तब जाकर अधिकारियों ने इस पर संज्ञान लिया। यातायात पुलिस ने जाम और पुल निर्माण के मद्देनजर इन बसों का संचालन रोका था।

डिपो की साधारण सेवा की बसें दिन में इस रास्ते से प्रतिबंधित थीं। इस स्थिति में मजबूरन रोडवेज प्रबंधन को डिपो से हनुमान मूर्ति तिराहा-आरटीओ होते हुए लाकड़ी फाजलपुर क्षेत्र से बसों को घुमाकर ले जाना पड़ता था। वापसी का रूट भी यह ही है। वातानुकूलित सेवा की नौ जोड़ी बसें लोकोशेड पुल के रास्ते जा-आ रही हैं।

इस पर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया। रोडवेज प्रबंधन ने भी इस मुद्दे पर जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और एसपी ट्रैफिक को पत्र लिखा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार सिंह को बसों के संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए। ऐसे में करीब सवा माह के अभियान का परिणाम सामने आ गया। मंगलवार को इस मुद्दे पर एसपी ट्रैफिक-रोडवेज प्रबंधन और स्कूल प्रबंधन से बात करेंगे। उसके बाद से शेड्यूल के अनुसार बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। रोडवेज प्रबंधन ने 13 सितंबर और उसके ठीक तीन माह बाद 13 दिसंबर को संचालन की अनुमति मांगी थी।

बुद्धि विहार और लाइनपार क्षेत्र को होगा फायदा :बदले रास्ते से दिल्ली रूट की बसों के चलने का दुष्प्रभाव शहर के बड़े हिस्से पर पड़ रहा था। मजबूरी में दिल्ली की ओर से आने वाले बुद्धि विहार और लाइनपार क्षेत्र के यात्री लाकड़ी फाजलपुर तिराहे पर बस से उतर जाते थे। अब स्टेशन क्षेत्र से लेकर बुद्धि विहार तक के यात्रियों को सहूलियत होगी। चंद्रनगर, मानसरोवर कोलानी, मिलन विहार और बुद्धि बिहार के लोग दरवाजे के सामने सेवा पा सकेंगे।

सहायक क्षेत्रीस प्रबंधक सोमपाल सिंह ने कहा कि दिन में बसों का संचालन बंद होने से यात्रियों की सेवा प्रभावित हो रही थी। दिल्ली रूट की एसी बसें बहाल कर दी गई हैं। रात नौ से सुबह नौ बजे तक बस सेवा जारी है। विभाग ने 13 सितंबर को प्रशासन से अनुमति मांगी थी। अब पुलिस प्रशासन से समन्वय बनाकर बसों को चलाया जाएगा। जाम न लगे इसके लिए पुलिस विभाग की शर्त का पालन किया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज प्रबंधन ने दिल्ली रूट की बसों को लोकोशेड पुल के रास्ते से चलाने की अनुमति मांगी है। इसके लिए पुलिस अधीक्षक यातायात, रोडवेज प्रबंधन और स्कूल प्रबंधन की साझा बैठक होगी। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए स्टेशन रोड से बसों का आना-जाना शुरू करवाया जाएगा।

संबंधित समाचार