बरेली: एससी/एसटी एक्ट के दुरुपयोग पर आयोग गंभीर: रामबाबू हरित
बरेली, अमृत विचार। अनुसूचित जाति और जनजाति आयोग के अध्यक्ष डा. रामबाबू हरित मंगलवार को सर्किट हाउस पहुंचे। प्रेसवार्ता में उन्होंने एससी, एसटी एक्ट के दुरुपयोग पर कहा कि इसको लेकर आयोग गंभीर है। इस तरह की सैकड़ों शिकायतों का निस्तारण कराया जा रहा है। उन्होंने 6 माह के कार्यकाल में 2120 मामलों में संबंधित …
बरेली, अमृत विचार। अनुसूचित जाति और जनजाति आयोग के अध्यक्ष डा. रामबाबू हरित मंगलवार को सर्किट हाउस पहुंचे। प्रेसवार्ता में उन्होंने एससी, एसटी एक्ट के दुरुपयोग पर कहा कि इसको लेकर आयोग गंभीर है। इस तरह की सैकड़ों शिकायतों का निस्तारण कराया जा रहा है। उन्होंने 6 माह के कार्यकाल में 2120 मामलों में संबंधित विभागों को अपने स्तर से निस्तारण के लिए भेजा। विभिन्न विभागों से संबंधित 1288 मामलों में आख्या मंगाकर आयोग ने निस्तारित किए।
आयोग में 342 मामलों की सुनवाई हो रही है। सुनवाई के बाद 207 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष 135 प्रकरणों में अग्रिम सुनवाई होनी है। बताया कि अनुसूचित जाति व जनजाति के उत्पीड़न से संबंधित गंभीर प्रकरणों में आजमगढ़, शाहजहांपुर, आगरा, औरैया और इटावा जनपदों में आयोग टीम भेजकर जांच करा रही है। उधर, विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा के नेता आम लोगों पर अत्याचार करने से बाज नहीं आते। बसपा सुप्रीमो खुद अनेक घोटाले कर चुकी हैं। इन दोनों पार्टियों की कार्यशैली को देख जनता ने हमेशा के लिए इन्हें अस्वीकार कर दिया है।
सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे
2022 में होने वाले विधान चुनाव में जीत का परचम लहराने को भाजपा नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। संचालित सरकारी योजनाओं का जन-जन तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश भर के सभी जिलों में रैलियां निकालकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
स्वर्णिम योजना से बेटियों के हाथ हो रहे पीले
डा. रामबाबू हरित ने बताया कि गरीब कन्या विवाह योजना का संचालन सरकार कर रही है। बरेली जनपद में इस योजना के माध्यम से 548 से ज्यादा बेटियों के विवाह का पंजीकरण हुए हैं। इस बार जनपद में 700 से ज्यादा बेटियों के हाथ पीले करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के तहत कुल 50 हजार की दान स्वरूप धनराशि बेटियों को दी जा रही है।
