मुरादाबाद : हिचकोले और दुश्वारियों भरा सफर, टोल टैक्स पूरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आशुतोष मिश्र/अमृत विचार। दावा तो राष्ट्रीय राजमार्ग (एचनएच-09) तेज गति से वाहनों के चलने की सुविधा देने का है। इसीलिए टोल प्लाजा पर शुल्क तय किए गए थे। लेकिन, लंबे समय से मुरादाबाद- हापुड़ मार्ग को छह लेन करने का अभियान जारी है। इस दौरान सड़कों को उखाड़ दिया गया है। डायवर्जन की वजह से …

आशुतोष मिश्र/अमृत विचार। दावा तो राष्ट्रीय राजमार्ग (एचनएच-09) तेज गति से वाहनों के चलने की सुविधा देने का है। इसीलिए टोल प्लाजा पर शुल्क तय किए गए थे। लेकिन, लंबे समय से मुरादाबाद- हापुड़ मार्ग को छह लेन करने का अभियान जारी है। इस दौरान सड़कों को उखाड़ दिया गया है। डायवर्जन की वजह से यात्रा थकाऊ, विलंबित और महंगी हो गयी है।

अनिवार्य सुविधाओं की कटौती के बाद भी वाहन चालक और मालिकों को अधिक टोल टैक्स चुकाना पड़ रहा है। कोरोना काल में हाईवे निर्माण की सुस्त पड़ी गति मुरादाबाद से दिल्ली की ओर सफर करने वालों को कई दर्द दे रही है। नियम है कि वाहनों के लिए अनुमन्य सुविधा नहीं देने की स्थित में टोल पर कर में रियायत दी जाए। लेकिन, ऐसा नहीं है। असुविधा और मरम्मत के दौरान टोल कर में 25 प्रतिशत की छूट की बात छलावा साबित हो रही है। अगर एनएच के गति के मानक को आधार बनाएं तो मुरादाबाद से दिल्ली का सफर दो घंटे से कम समय में पूरा हो जाना चाहिए।

मगर दो गुना समय खर्च करने के बाद भी लोग आरामदायक सफर नहीं कर पा रहे हैं। अगर मुरादाबाद से हापुड़ तक हाईवे प्रोजेक्ट की चर्चा करें तो कई कटघरे में खड़े नजर आयंगे। हापुड़ से बक्सर तक बाईपास बनना है। जिसकी लंबाई 21 किलोमीटर है। हापुड़ के बाद अमरोहा के रजबपुर में भी दो किमी दूरी वाले बाइपास का निर्माण जारी है। प्राधिकरण का मानना है कि चौड़ीकरण से जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। मुरादाबाद से हापुड़ तक की दूरी मात्र 45 मिनट में पूरी हो जाएगी।

वाहनों की गति की सीमा
नेशनल मेगा हाइवे पर अधिकतम 75 किमी प्रति घंटा, स्टेट मेजर डिस्ट्रिक में चालक की सीट के अतिरिक्त आठ से अधिक सीटें हैं तो उसके लिए नेशनल मेगा हाइवे पर 90 किमी, स्टेट हाइवे मेजर डिस्ट्रिक पर 70 किमी प्रति घंटा गति सीमा निर्धारित है।

इन स्थानों से गुजर रहा हाईवे
हापुड़ रोड से बाबूगढ़, गढ़मुक्तेश्वर, कुचेसर रोड, सिंभावली, गजरौला, रजबपुर, जोया, सौनाली, नीलीखेड़ी, बुढ़नपुर, बागड़पुर, पाकबड़ा तक चौड़ा किया जा रहा है।

20 मई 2022 तक यह काम पूरा होने की उम्मीद
परियोजना प्रबंधक राकेश कुमार ने कहा कि यह परियोजना 3200 करोड़ रुपये की है। इसमें भूमि अधिग्रहण से लेकर निर्माण तक शामिल है। परियोजना का 80 प्रतिशत कार्य हो चुका है। सड़कों की मरम्मत की वजह से टोल का शुल्क कम कर दिया गया है। छह लेन की सड़क बनने के बाद टोल के शुल्क नए सिरे से तय होंगे। 20 मई 2022 तक यह काम पूरा होना है।

मुरादाबाद-हापुड़ हाईवे
कुल दूरी – 99.867 किमी
सर्विस रोड – 94.370 किमी
बाईपास – 23.1 किमी
टोल प्लाजा -दो
रेस्ट एरिया – दो
पुलिया – 90
फ्लाईओवर – 12
छोटे पुल – 25
बड़े पुल – 7
अंडरपास – 45
ट्रक बायस – दो
बस बायस – 46
इंटरसेक्शन – 24

मूंढापांडे टोल प्लाजा पर वाहनों से वसूला जा रहा टैक्स
चार पहिया कार 130 रुपये
ट्रक छोटा 200 रुपये
बड़े वाहन 405 रुपये
भारी वाहन 720 रुपये
छोटे वाहन बाइक निशुल्क

 

 

संबंधित समाचार