सीतापुर: लूट के पीड़ित को पुलिस ने थाने से भगाया, जानें फिर क्या हुआ?
सीतापुर। यूपी के सीतापुर जिले से मजदूरी कर साइकिल से घर जा रहे ग्रामीण को बदमाशों ने रास्ते में असलहे के बल पर रोक लिया और उसे खींच कर खेत में ले जाने के बाद उसकी जमकर पिटाई की। साथ ही बदमाशों ने उसके पास से 15 सौ की नकदी व मोबाइल लूट लिया। वारदात …
सीतापुर। यूपी के सीतापुर जिले से मजदूरी कर साइकिल से घर जा रहे ग्रामीण को बदमाशों ने रास्ते में असलहे के बल पर रोक लिया और उसे खींच कर खेत में ले जाने के बाद उसकी जमकर पिटाई की। साथ ही बदमाशों ने उसके पास से 15 सौ की नकदी व मोबाइल लूट लिया। वारदात अंजाम देकर बदमाश भाग निकले, जिसके बाद पीड़ित ने घर पहुंचकर आपबीती सुनाई।
सूचना पर पहुंची यूपी डायल 112 टीम ने पीड़िता का प्राथमिक इलाज भी कराया, लेकिन सुबह जब पीड़ित थाने पहुंचा तो घटना फर्जी बता कर पुलिस ने उसे थाने से भगा दिया। यह मामला जब मीडिया में पहुंचने के बाद तूल पकड़ने लगा, तब पुलिस ने पीड़ित को दोबारा थाने बुला कर उससे तहरीर ली। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है। घटना संदिग्ध लग रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
इमलिया सुल्तानपुर इलाके में सीतापुर-बम्हौरा मार्ग पर पड़ने वाले रामपुर भूड़ा से छातौना जाने वाले मार्ग पर मजदूरी कर साइकिल से घर वापस जा रहे क्षेत्र के ही छतौना निवासी रोशन शर्मा पुत्र महादेव को रात को तीन बदमाशों ने असलहा दिखा कर रोक लिया। जब तक रोशन कुछ समझ पाता, तब तक तीनों बदमाश उसे खींच कर खेत में ले गये। रोशन के मुताबिक खेत में खींच कर ले जाने के बाद बदमाशों ने उसकी पिटाई कर दी। गले में बंधे मफलर से उसका गला कस दिया। आरोप है कि बदमाशों ने उसको जख्मी कर 15 सौ रूपए की नकदी, मोबाइल लूट लिया। लूटपाट करने के बाद बदमाश भाग निकले।
बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद वह किसी तरह घर पहुंचा। उसने घर वालों को आपबीती सुनाई। इस पर घर उसके वालों ने 112 पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी। खबर पाकर मौके पर पहुंची पीआरवी के जवानों ने रोशन को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां उसका इलाज कर उसको घर भेज दिया गया। दूसरे दिन जब रोशन थाने पर प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचा तो उसे यह कह कर पुलिस ने थाने से भगा दिया कि रात को शराब के नशे में धुत होकर खेत में गिरे हो। मामला फर्जी है।
यह मामला जब मीडिया तक पहंचा तो पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने उसे पुनः थाने बुलाकर प्रार्थना पत्र लिया। इस बारे में थानाध्यक्ष अनिल सिंह का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हाे रहा है। शराब पीकर आपस में झगड़ा हुआ है। जांच की जा रही है। जांच के बाद मामला दर्ज किया जायेगा।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों से सीएम ने की मुलाकात, दिया ये आश्वासन
