मुरादाबाद समेत प्रदेश के 11 मंडलों में होगा सीरो सर्वे, हर जिले में 10 टीमें होंगी गठित
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने मुरादाबाद, बरेली समेत 11 मंडलों में एक बार फिर सीरो सर्विलांस सर्वे कराने का आदेश दिया है। इसमें हर जिले में 10 टीमें गठित होंगी, जिसमें हर टीम में चार सदस्य होंगे। मुरादाबाद में टीम गठित करने के लिए मंडलीय अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य और मुख्य चिकित्साधिकारी ने निर्देश …
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने मुरादाबाद, बरेली समेत 11 मंडलों में एक बार फिर सीरो सर्विलांस सर्वे कराने का आदेश दिया है। इसमें हर जिले में 10 टीमें गठित होंगी, जिसमें हर टीम में चार सदस्य होंगे। मुरादाबाद में टीम गठित करने के लिए मंडलीय अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य और मुख्य चिकित्साधिकारी ने निर्देश दिये हैं।
शासन के सचिव रवींद्र के हवाले से जारी आदेश में मंडलायुक्त, मंडलीय अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी को शासन के आदेश का गंभीरता से पालन कराने के लिए कहा गया है।
ऐसे में हर जिले में 10 टीमें सीरो सर्विलांस सर्वे के लिए गठित होंगी। हर टीम में चार सदस्य चिकित्साधिकारी, लैब तकनीशियन या स्टाफ नर्स, एएनएम, एलएचवी, फार्मासिस्ट, स्वास्थ्य निरीक्षक में से कोई एक और चौथा सदस्य आशा कार्यकर्ता, आशा संगिनी या अन्य स्थानीय कार्यकर्ता में से होगा।
मुरादाबाद और बरेली मंडल में पांच कोविड धनात्मक समूह मरीजों के समूह का नमूना लेकर जांच की जाएगी। टीम में मोबिलाइजर, साक्षात्कारकर्ता, प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ की अलग अलग भूमिका होगी। टीमें रक्त संग्रह, भंडारण और परिवहन के लिए आवश्यक सामग्री लेकर जाएंगी। टीमों के लिए वाहन की व्यवस्था मुख्य चिकित्साधिकारी कराएंगे। मुख्य चिकित्साधिकारी डा.एमसी गर्ग ने बताया कि शासन के आदेश का पालन करने के लिए टीम गठित करने का निर्देश दिया है। इस अभियान को सफल बनाना सभी की प्राथमिकता रहेगी। बता दें कि देशभर में ऑमिक्रान के बढ़ते मामलों को देखते हुए शासन स्तर से मंडलों में सीरो सर्वे कराए जाने का फैसला लिया गया है।
