मुरादाबाद : जिलाधिकारी ने ऑक्सीजन प्लांट को तत्काल सक्रिय करने का दिया निर्देश
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने शुक्रवार को जिला अस्पताल में एमसीएच विंग में बने सौ बेड के लेवल टू कोविड अस्पताल और इस यूनिट के लिए ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने कोविड हास्पिटल में ओमिक्रॉन वार्ड और वेंटीलेटर युक्त पीकू वार्ड में सुविधाओं को पूरी तरह तैयार रखने का निर्देश दिया। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने शुक्रवार को जिला अस्पताल में एमसीएच विंग में बने सौ बेड के लेवल टू कोविड अस्पताल और इस यूनिट के लिए ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने कोविड हास्पिटल में ओमिक्रॉन वार्ड और वेंटीलेटर युक्त पीकू वार्ड में सुविधाओं को पूरी तरह तैयार रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने परिसर में पीएम केयर फंड से डीआरडीओ द्वारा स्थापित सौ बेड के कोविड यूनिट के लिए आक्सीजन प्लांट का निरीक्षण कर इसमें तकनीकी कमियों को दूर कर अतिशीघ्र सक्रिय करने का निर्देश चिकित्साधिकारियों को दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एमसी गर्ग से जिला मुख्यालय के अलावा चार स्वास्थ्य केंद्रों पर स्थापित आक्सीजन प्लांट को भी तत्काल सक्रिय करने का निर्देश दिया।
कहा यदि कार्यदायी स़ंस्थाए लापरवाही बरत रही हैं तो उनके खिलाफ कारवाई के लिए पत्र लिखकर दें जिसे शासन को भेजकर उनके खिलाफ एक्शन कराया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना के नये वैरिएंट ओमिक्रॉन के केस देश विदेश में तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में तीसरी लहर को देखते हुए स्वास्थ्य प्रबंधों में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिये।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी के अलावा कोविड यूनिट के नोडल डिप्टी सीएमओ, जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक, चिकित्सा अधीक्षक आदि उपस्थित थे।
