सीतापुर: फंदे पर लटकी मिली युवती, प्रेमी लापता, ऑनर किलिंग की आशंका
सीतापुर। कोतवाली इलाके में एक युवती का शव संदिग्ध हालात में उसके घर में ही फंदे से लटकी मिली। घटना से पूर्व युवती से मिलने पहुंचा उसका प्रेमी भी संदिग्ध हालात में लापता है। लापता युवक के परिवार के लोग घटना का ऑनर किलिंग से जोड़ कर देख रहे हैं। उनका आरोप है कि युवती …
सीतापुर। कोतवाली इलाके में एक युवती का शव संदिग्ध हालात में उसके घर में ही फंदे से लटकी मिली। घटना से पूर्व युवती से मिलने पहुंचा उसका प्रेमी भी संदिग्ध हालात में लापता है। लापता युवक के परिवार के लोग घटना का ऑनर किलिंग से जोड़ कर देख रहे हैं। उनका आरोप है कि युवती की उसके घरवालों ने हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया और युवक को भी गायब कर दिया। हालांकि युवती के पिता ने घटना को खुदकुशी बता रहा है।
मामला दो समुदायों का होने के कारण पुलिस ने भी गंभीरता से लिया। गांव में काफी पुलिस बल तैनात है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव निवासी रंजीत मौर्य (23) पुत्र सुभाष चन्द्र का गांव की ही दूसरे समुदाय की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक गुरूवार की देर रात रंजीत अपनी प्रेमिका साबरीन 19 से मिलने उसके घर गया था। लेकिन वहां से वह वापस नहीं घर नहीं गया।
इसकी जानकारी होने पर रंजीत के परिजन आयुष, अरूण, बिन्दुसागर व अरविन्द कुमार रात को ही लड़की के घर पहुंचे, लेकिन रंजीत का कोई पता नहीं चला। इसी बीच संदिग्ध परिस्थितियों में युवती का शव घर में ही फंदे से झूलता मिला। लापता युवक रंजीत की मां रामावती ने बेटे के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। उसके परिजनों का आरोप है कि युवती के पिता ने अपने बेटों के साथ मिलकर रंजीत के साथ कोई अप्रिय घटना को अंजाम दिया है।
साथ ही उसने अपनी बेटी की भी हत्या कर उसे फंदे पर लटका दिया है। दूसरी तरफ लड़की के पिता ने बताया कि देर रात लड़का रंजीत उससे मिला था। उसने रंजीत को पकड़ा भी था। लेकिन रंजीत हाथ छुड़ाकर भाग गया था। इसी बीच रंजीत के घर वाले आ गये। इस बीच वह रंजीत के परिवार वालों से बात करने लगा, तभी उसकी बेटी ने घर में जाकर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। बताते हैं कि रंजीत व युवती के घर करीब में ही बने हुए हैं। महज चंद कदमों का फासला है। देर रात रंजीत अपने घर के बाहर ही सो रहा था।
मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। रंजीत के परिजन उसको ढूंढ रहे हैं। घटना की खबर पाकर सीओ रविशंकर प्रसाद जांच के लिए मौके पर पहुंचे। कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दोनो पक्षों की तहरीर मिली है। लड़की के पिता ने आत्महत्या की बात कही है। फिलहाल दोनों पक्षों को सुना जा रहा है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें- हरदोई: प्रेमिका की हत्या करने वाले प्रेमी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
नहर में भी की जा रही युवक की तलाश
पुलिस भले ही युवक रंजीत को गायब होने की बात कह रही हो, लेकिन युवक के परिवार वालों की आशंकाओं को देखते हुए पुलिस उस पहलू पर भी जांच कर रही है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस युवक का अन्य जगहों पर पता लगाने के साथ ही गांव के करीब में बह रही शारदा सहायक नहर में भी तलाश करा रही है। शारदा सहायक नहर में न सिर्फ गोताखोरों से पता लगवाया जा रहा है, बल्कि एक स्टीमर को भी नहर में उतार दिया गया है। युवक के न मिलने तक कई तरह की आशंकाएं बनी हुई हैं।
प्रथम दृट्या यही प्रतीत हो रहा है कि लड़की ने सुसाइड कर लिया है। युवक लापता है। उसकी तलाश की जा रही है। लड़की के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थित और साफ हो जाएगी। जांच पड़ताल के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।- एनपी सिंह, एएसपी दक्षिणी
