बरेली: क्रिसमस आज, चर्चों में होगी विशेष प्रार्थना
बरेली, अमृत विचार। मसीह समाज आज क्रिसमस का जश्न मनाएगा। जिसके लिए शहर के सभी चर्च में सजावट की गई है। शनिवार सुबह 10 बजे से लेकर 11 बजे तक शहर के लगभग सभी चर्चों में विशेष प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा। नई गाइड लाइन को ध्यान में रखते हुए तमाम चर्चों के धर्मगुरुओं ने …
बरेली, अमृत विचार। मसीह समाज आज क्रिसमस का जश्न मनाएगा। जिसके लिए शहर के सभी चर्च में सजावट की गई है। शनिवार सुबह 10 बजे से लेकर 11 बजे तक शहर के लगभग सभी चर्चों में विशेष प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा। नई गाइड लाइन को ध्यान में रखते हुए तमाम चर्चों के धर्मगुरुओं ने सीमित संख्या में लोगों से शामिल होने की अपील की है।
सिविल लाइंस स्थित क्राइस्ट मेथोडिस्ट चर्च, सदर बाजार मेथोडिस्ट चर्च, वीर भट्टी मेथोडिस्ट चर्च, सुभाषनगर मेथोडिस्ट चर्च, इंग्लिश मेथोडिस्ट चर्च मिशन अस्पताल, सेंट पॉल चर्च इज्जतनगर, सेंट अल्फोंसेस चर्च बिशप कोनार्ड, सीएनआई चर्च आदि में सुबह से ही विशेष प्रार्थनाओं का आयोजन होगा।
शुक्रवार को क्रिसमस की पूर्व संध्या पर सिविल लाइंस स्थित क्राइस्ट मेथोडिस्ट चर्च में विशेष प्रार्थना सभा हुई। शाम को 7:30 बजे प्रार्थना सभा के बाद प्रभु यीशु के आगमन का जश्न मनाते हुए केक काटा गया। वहीं, सेंट अल्फोंसेंस चर्च में हुई प्रार्थना सभा में फादर इग्नीशियस डिसूजा ने बताया कि प्रभु यीशु का जन्म मानवता की भलाई के लिए हुआ था। इस दौरान लोगों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए भी कामना की गई। सुबह 9 बजे चर्च में प्रार्थना सभा होगी।
प्रार्थना सभा के बाद चर्च में न लगाएं भीड़
क्राइस्ट मेथोडिस्ट चर्च के सीनियर पास्टर रेव्ह. सुनील के मसीह ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा लगाए गए रात्रि कर्फ्यू के कारण रात में होने वाली प्रार्थना सभा शाम को ही आयोजित की गई है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि शनिवार को क्रिसमस के दिन चर्च में 200 लोगों के ही आने की अनुमति होगी। क्रिसमस की विशेष प्रार्थना सभा 10 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी। सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक सभी लोग मास्क लगाकर पहुंचे और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।
क्रिसमस मनाने चर्च पहुंचे स्कूली बच्चे
शुक्रवार को क्रिसमस से पहले स्कूली बच्चे कैंट स्थित सेंट अल्फोंसेस चर्च पहुंचे। यहां सभी बच्चों ने सेंटा क्लाज की ड्रेस पहनी हुई थी। शेमरोक माइल स्टोन पब्लिक स्कूल के बच्चे दोपहर को चर्च पहुंचे और खूब मस्ती की। बच्चों के साथ प्रधानाचार्य जया पाण्डेय, टीचर ज्योति महेश्वरी और आकांशा सिंह मौजूद रहीं।
बेकरी पर विशेष केक के लिए रही लोगों की भीड़
क्रिसमस का विशेष केक लेने के लिए सुबह से ही शहर की तमाम बेकरियों पर लोगों का जमावड़ा लगा रहा। सिविल लाइंस स्थित बेकरी के संचालक जाहिद ने बताया कि क्रिसमस पर सबसे ज्यादा केक की डिमांड होती है। लोग केक आर्डर किए जाते हैं। केक के अलावा पेस्टी और पुटिंग आदि की भी बिक्री खूब होती है।
